अमेठी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनावों में भाजपा की तरफ से किए जा रहे भारी भरकम खर्च पर सवाल उठाया है। राहुल ने कहा कि भाजपा चुनाव प्रचार में कॉरपोरेट घरानों से मिला पैसा खर्च कर रही है।
शनिवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र अमेठी पहुंचे राहुल ने कहा कि वे (भाजपा) दो तीन कॉरपोरेट घरानों की राजनीति करते हैं जो उन्हें मोटा पैसा देते हैं। जो बड़े स्तर पर बड़े बड़े पोस्टर कटआउट लग रहे हैं भाजपा के पास उसके लिए पैसा कहां से आता है। उन्होंने कहा कि हम कॉरपोरेट के खिलाफ नहीं हैं। मगर उन्हें नियम कानून के तहत ही सुविधाएं मिलनी चाहिए।
गुजरात में सुविधाएं अडानी को दी जा रही है गरीबों को नहीं। नरेंद्र मोदी पर अपना हमला जारी रखते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने दोहराया कि गुजरात में अडानी को किसानों की 45 हजार करोड़ रुपये की जमीन कौड़ियों के भाव दे दी गई। अपना यह दावा दोहराते हुए कि यह चुनाव दो विचारधाराओं के बीच लड़ा जा रहा है, राहुल ने कहा कि कांग्रेस जहां हिन्दू, मुसलमान, सिख, ईसाई सबको साथ लेकर चलना चाहती है, दूसरी ओर क्रोध की राजनीति हो रही है।
राहुल ने कहा कि हाल ही में उन्हें नई दिल्ली में मोदी का एक पोस्टर देखने को मिला, जिसमें महिलाओं को शक्ति देने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि मोदी को समझना चाहिए कि महिलाएं शक्तिहीन नहीं हैं, वे सम्मान चाहती हैं, जो कांग्रेस करती है।
विश्वास और स्मृति पर निशाना
राहुल ने अमेठी में उन्हें चुनौती दे रही भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी और आप के कुमार विश्वास की ओर इशारा करते हुए कहा कि चुनाव के बाद वे सब भाग जाएंगे। मेरा अमेठी से परिवार का रिश्ता है। दिल का रिश्ता है। जब मैं अपने पिता जी के साथ यहां पहली बार आया था तब मैं 12 साल का था। मेरा अमेठी से राजनीतिक रिश्ता नहीं है।
तीसरे मोर्चे को समर्थन नहीं
अमेठी में पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी से पूछा गया कि क्या कांग्रेस थर्ड फ्रंट को समर्थन देगी, तो उनका जवाब था, ‘नहीं, हम किसी को समर्थन नहीं देंगे। न हम जोड़-तोड़ से सरकार बनाएंगे।’ पत्रकार ने पूछा कि नंबर न आए तब क्या होगा। इस पर राहुल गांधी ने तपाक से कहा, ‘नंबर आएंगे। आप देखना, नंबर आ जाएंगे।’
एक ही दिन पहले ऐसी खबरें आई थीं कि राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कहा है कि थर्ड फ्रंट को समर्थन देने से बेहतर होगा, कांग्रेस विपक्ष में बैठे। हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने बीजेपी और नरेंद्र मोदी को सत्ता से दूर रखने के लिए थर्ड फ्रंट या सेक्युलर फ्रंट को समर्थन देने की बात कही थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भी कहा था कि अगर हमारी सरकार नहीं बनी तो थर्ड फ्रंट को समर्थन दिया जा सकता है। लेकिन राहुल गांधी को भरोसा है कि कांग्रेस पर्याप्त सीटें जीतकर सरकार बनाने में कामयाब होगी।






















