मुरादाबाद. संभल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आचार्य प्रमोद कृष्णम की शिकायत पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने फिल्म अभिनेत्री मोनिका बेदी को डान की रखैल कहे जाने को लेकर रामदेव को नोटिस जारी किया है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया था कि उनके चुनाव प्रचार में फिल्म अभिनेत्री मोनिका बेदी आई थीं तब संभल में रामदेव के भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि आचार्य प्रमोद माफिया डान अबू सलेम की रखैल को लेकर आया है।
महिला के प्रति इस तरह की शब्दावली को लेकर महिला आयोग ने नोटिस जारी कर तीन दिन में जबाव दाखिल करने को कहा है। तीन दिन में जवाब न देने पर रामदेव को व्यक्तिगत तौर पर उपस्थित होने को कहा गया है।
उधर राहुल गांधी के खिलाफ बाबा रामदेव की विवादास्पद टिप्पणी पर नरेन्द्र मोदी की चुप्पी को लेकर सवाल खडे करते हुए कांग्रेस ने आज आश्चर्य जताया कि क्या योग गुरु द्वारा दलितों के अपमान को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार उचित मान रहे हैं. कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस मुद्दे पर नरेन्द्र मोदी की चुप्पी चुभने वाली है. वह हर मुद्दे पर बोलते हैं लेकिन इस पर चुप क्यों हैं. क्या वह दलितों के अपमान को उचित ठहराने का प्रयास कर रहे हैं या रामदेव ने जो कहा है उसका अनकहा समर्थन दे रहे हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का मानना है कि भाजपा इस मुद्दे पर रामदेव का समर्थन कर रही है और चुनाव आयोग को इस पहलु पर भी गौर करना चाहिए और न सिर्फ रामदेव के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए बल्कि भाजपा के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यह दलितों के प्रति भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है. अहमद ने कहा कि कल भाजपा की प्रवक्ता ने रामदेव ने जो कहा है उसे एक तरह से उचित ठहराने का प्रयास करते हुए हनीमून के अलग अलग अर्थ समझा रही थीं. पिछले दिनों रामदेव ने अपनी इस कथित टिप्पणी से विवाद उत्पन्न कर दिया था कि राहुल गांधी हनीमून और पिकनिक के लिए दलितों के घर जाते हैं.





















