कोलकाता। करोड़ों रुपये के सारधा चिटफंड घोटाले में दोषियों को बचाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को भाजपा व कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि तृणमूल अब खुद ‘तृणमूल मॉडल चिट’ पार्टी बन गई है।
आखिर इससे जुड़े तथ्यों को राज्य सरकार क्यों छिपा रही है। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि घोटाले की सीबीआइ जांच के लिए ममता बनर्जी को मंजूरी देनी चाहिए। जब अन्य राज्य इसके लिए राजी हैं तो बंगाल क्यों नहीं?
कांग्रेस प्रवक्ता ने भी आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार घोटाले की सीबीआइ जांच से क्यों कतरा रही है। इस खेल में अग्रिम पंक्ति में बैठे तृणमूल से संबंधित लोग शामिल हैं। इसमें तृणमूल के सांसद, लोकसभा प्रत्याशी भी संलिप्त हैं।
हरियाणा में भी इसी तरह का घोटाला हुआ था और पूर्व मुख्यमंत्री आज जेल में हैं, लेकिन बंगाल में हालात दूसरे हैं। भाजपा नेता गडकरी ने कहा कि ममता बनर्जी को अपनी साख व राज्य सरकार की गरिमा बनाए रखने के लिए सारधा घोटाले की सीबीआइ जांच के लिए स्वीकृति दे देनी चाहिए।





















