बोटाद, देवगढ़ बारिया, गुजरात. राहुल ने कहा कि यदि गुजरात में लोकायुक्त एवं आरटीआई आयुक्त काम कर रहे होते तो नरेन्द्र मोदी जेल में चले गये होते। उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री प्रत्याशी पर मामूली लाभ के लिए बहुत सी जमीन अडानी को देने का भी आरोप लगाया।
राहुल ने भावनगर लोकसभा सीट के तहत बोटाद कस्बे के देवगढ़ बारिया में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वहां कोई लोकायुक्त एवं आरटीआई आयुक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में लोकायुक्त होते हैं, लेकिन गुजरात में लोकायुक्त नहीं है। जो अधिकारी भ्रष्टाचार को पकड़ता है वह यहां नहीं है।
राहुल ने कहा कि जब लोकायुक्त आयेगे, जब आरटीआई आयुक्त नियुक्त होंगे आपका चौकीदार अंदर चला जायेगा । राहुल का सीधा हमला मोदी पर था जो प्रचार में अपने को ऐसा चौकीदार बताते आये हैं जो सत्ता में आने के बाद भ्रष्टाचार को खत्म कर देगा।
गुजरात में लोकायुक्त को 10 साल की लंबी अवधि के बाद दिसंबर 2013 में नियुक्त किया गया था।





















