नई दिल्ली.भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को बिहार भाजपा के नेता गिरिराज सिंह को उनके विवादित बयान को लेकर फटकार लगाई है। हालांकि राजनाथ की फटकार का गिरिराज पर कोई असर नहीं दिखाई दिया और वह अभी भी अपने बयान पर कायम हैं।
गिरिराज ने अपने बयान को खुद तोड़-मरोड़कर उसे नए संदर्भ में रखते हुए कहा कि जो लोग आतंकवाद, फिरकापरस्ती को बढ़ावा देते हैं, उनके लिए देश में कोई जगह नहीं। गौरतलब है कि शनिवार को गिरिराज ने झारखंड में एक रैली में कहा था कि जो लोग नरेंद्र मोदी को रोक रहे हैं, वे पाकिस्तान की ओर देख रहे हैं, आने वाले दिन में ऐसे लोगों की जगह हिंदुस्तान में नहीं, बल्कि पाकिस्तान में है।
राजनाथ ने आज गिरिराज को तलब किया और उन्हें इस तरह के विवादास्पद बयान देने से बचने की नसीहत देते हुए कहा कि इस तरह के बयानों से पार्टी को नुकसान होता है। गिरिराज जब ये बयान दे रहे थे तो वहां भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी भी मौजूद थे।





















