नई दिल्ली: कालेधन के खिलाफ मुहिम छेड़ने वाले बाबा रामदेव कालेधन का बचाव करते हुए कैमरे में कैद हो गए. रामदेव कैमरे पर बीजेपी प्रत्याशी महंत चंदनाथ से यह कह रहे थे कि माइक ऑन होने पर धन की बात ना किया करो.
महंत ने पहले रामदेव से कहा था कि अलवर संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें धन की कमी हो रही है. गुरूवार को प्रेस कांफ्रेंल शुरू होने से बिल्कुल पहले हुई यह बातचीत कैमरे पर रिकार्ड हो गई क्योंकि माइक ऑन थे.
रामदेव और बीजेपी प्रत्याशी चांदनाथ 16 अप्रैल को अलवर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए बैठे थे. सम्मेलन से कुछ ही क्षण पहले महंत ने रामदेव से कहा कि उन्हें धन लाने में दिक्कत हो रही है जिसपर योग गुरू ने उन्हें चेताया कि माइक ऑन होने पर धन की बात ना करो. उन्होंने फुसफुसा कर कहा, ‘‘यहां बात करना बंद करो, तुम बेवकूफ हो.’’ अलवर से बीजेपी प्रत्याशी महंत ने इसे भांपा और मुस्कुरा दिए.
चांदनाथ ने चुनाव में खर्च किए जाने वाले पैसे का जिक्र छेड़ दिया. चांदनाथ ने कहा कि पैसे लाने में बहुत दिक्कत हो रही है. मेरे पैसे भी पकड़े गए. किसी से भी पैसे लेन-देन में दिक्कत पेश आती है. रामदेव बगल में बैठे थे.
ये सारा कुछ कैमरे में कैद हो गया. वीडियो वायरल हो गया है. रामदेव और चांदनाथ से कुछ कहते नहीं बन रहा है. कहा जाता है कि चांदनाथ को बीजेपी ने रामदेव की सिफारिश पर ही टिकट दिया है. गौरतलब है बाबा रामदेव काले धन को वापस लाने के लिए मुहिम चलाते रहे हैं और काले धन के लेन-देन की आन केमरे पर बात करते पकड़े गए खुद रामदेव ही.
अब महंत ने कहा कि उन्होंने रामदेव से ऐसी कोई बात नहीं की है. अलवर राजस्थान के उन पांच संसदीय क्षेत्रों में से है जहां 24 अप्रैल को मतदान होना है. इस बीच कांग्रेस ने कथित रूप से मतदाताओं को काला धन का कारोबार करने बांटने के मामले में रामदेव और महंत की गिरफ्तारी की मांग की है.
चुनाव आयोग को भेजी गयी शिकायत में एआईसीसी के विधि विभाग के सचिव के. सी. मित्तल ने रामदेव और बीजेपी प्रत्याशी चांदनाथ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और महंत को अयोग्य करार देने की मांग की है.























