श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज नरेन्द्र मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार जनसभाओं में अपने भाषणों में झूठ बोल रहे हैं।
उन्होंने मोदी को चुनौती दी कि पंजाब और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में वंशवाद की राजनीति के बारे में बोलकर दिखाएं। उनका इशारा पंजाब में बादल और महाराष्ट्र में ठाकरे परिवार की ओर था।
उमर ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘नमो ने जिस सहजता से आज जम्मू में उनकी रैली के ऊपर से मेरे उड़ान भरने के संबंध में जो झूठ बोला वह मुझे हैरान करता है कि यह शख्स अपने भाषणों में और क्या क्या झूठ बोलता है।’’
मोदी ने जम्मू के हीरानगर में एक रैली को संबोधित करते हुए दावा किया था कि पिछले साल एक दिसंबर को जम्मू कश्मीर में हुई उनकी (मोदी की) रैली के ऊपर से उमर अब्दुल्ला ने भीड़ का अनुमान लगाने के लिए उड़ान भरी थी।
उमर ने वंशवाद की राजनीति पर मोदी के बयान पर निशाना साधा। मोदी ने एक तरह से राज्य में अब्दुल्ला परिवार की राजनीति की ओर इशारा किया था। उमर ने कहा, ‘‘मैं नमो को चुनौती देता हूं कि वंशवाद की राजनीति के खिलाफ बिल्कुल ऐसा ही भाषण पंजाब या महाराष्ट्र में देकर दिखाएं।
मोदी ने आज जम्मू में एक रैली में कहा कि उमर अब्दुल्ला ने ही कहा था कि उन्होंने जम्मू कश्मीर में इतनी बड़ी रैली नहीं देखी, जितनी पिछले साल 1 दिसंबर को हुई थी।





















