साना. अल कायदा के आतंकवादियों ने यमन के दक्षिण-पूर्वी हद्रामाउत राज्य में सोमवार को सैनिकों के बैरकों पर हमला कर विशेष बलों के 24 सैनिकों की हत्या कर दी। यह जानकारी एक सुरक्षा अधिकारी ने दी।
यमन आर्मी के एक अधिकारी ने बताया, ‘विशेष बलों के कुल 24 सैनिकों की हत्या कर दी गई और हमले में सिर्फ 1 सैनिक बचा, हालांकि उसे गंभीर चोटें आई हैं।’ हमला, बैरकों और हद्रामाउत राज्य की राजधानी मुकल्ला और दक्षिण-पूर्वी अल-महारा प्रांत को जोड़ने वाले 250 किलोमीटर लंबे नैशनल हाइवे के बीच स्थित जांच चौकी को निशाना बनाकर किया गया।
अधिकारी ने बताया कि आतंकवादी मिसाइल लॉन्चर लगे दो बख्तरबंद वाहन, तीन पिकअप गाड़ियां और सैनिक राइफल छोड़कर भाग निकले। बताया गया है कि आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए अल-महारा से सैनिक भेजे गए हैं।























