पुदुकोट्टाई (तमिलनाडु) : केन्द्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने चुनावी राजनीति से अलग होने की इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि 68 साल की उम्र में वह अब और कितना चल सकते हैं।
तिरूमय्यम में शुक्रवार देर रात एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैंने आठ चुनाव लड़े हैं और 17 वर्ष मंत्री रहा हूं। मुझे कपड़ा मंत्रालय जैसे सामान्य विभाग नहीं दिए गए। यदि वैसे मंत्रालय मिले होते तो मैं शांतिपूर्वक काम कर रहा होता। लेकिन मुझे गृह और वित्त जैसे मंत्रालय दिए गए जहां मुझे रोजाना 18 घंटे काम करना पड़ा।’ उन्होंने कहा कि वह चुनावी राजनीति से अलग होकर महात्मा गांधी की राहों पर चलते हुए लोगों की सेवा करेंगे।
दार्शनिक अंदाज में मंत्री ने कहा, ‘मैं 68 साल का हो गया हूं। इस उम्र में अब कितनी दूर चल सकता हूं। जो जन्मे हैं उन्हें मिट्टी में मिलना ही है। मैं पुनर्जन्म में विश्वास नहीं रखता।’ चिदंबरम ने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है और कांग्रेस ने तमिलनाडु की शिवगंगा सीट से उनके बेटे कार्ती को टिकट दिया है।
चेन्नई: वित्त मंत्री पी चिदम्बरम के मुकाबले से ‘‘भागने’’ के भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए उनके बेटे कार्ति चिदम्बरम ने आज कहा कि भगवा पार्टी को इस प्रकार की टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है.
कार्ति ने भाजपा की टिप्पणियों के लिए उसकी आलोचना करते हुए यहां प्रेस से कहा, ‘‘ यह कहना सही नहीं है कि मेरे पिता हार के डर से मुकाबले से भाग रहे हैं . भाजपा की प्रवक्ता निर्मला सीतारामन को यह कहने का क्या अधिकार है जबकि उन्होंने खुद कोई चुनाव नहीं लड़ा है .’’ शिवगंगा से कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार के रूप में उतारे गए कार्ति ने कहा, ‘‘ मेरे पिता 1977 से लगातार सात बार चुनाव जीते हैं और उन्होंने नौ बार चुनाव लड़ा है .’’ पहली बार चुनाव मैदान में उतरे युवा नेता ने विरोधियों द्वारा प्रचारित इन बातों को बेबुनियाद बताया कि तमिलनाडु में कांग्रेस कमजोर है . कांग्रेस प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ रही है .
अपने प्रचार अभियान पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने कहा कि सालों की कड़ी मेहनत के चलते शिवगंगा में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है जहां उनके पिता कई कल्याणकारी योजनाएं लाए और समग्र विकास को लेकर आगे बढ़े .
कार्ति ने कहा, ‘‘ मैं अपनी पार्टी के दम पर चुनाव लडूंगा. हम अपने काम को दिखाएंगे जिसने लोगों की जिंदगी बदली. हमने इस निर्वाचन क्षेत्र को पाला पोसा है .’’ इससे पूर्व दिन में आज सीतारमन ने कहा था, ‘‘ जिस व्यक्ति ने दस साल में से सात साल वित्त मंत्री के रूप में काम किया , वह चुनाव तक नहीं लड़ रहा है . वह मुकाबले से भाग रहे हैं .’’






















