चेन्नई। नई बजट एयरलाइन एयर एशिया इंडिया देश में अपनी सेवाएं लांच करने के काफी करीब पहुंच गई है। कंपनी ने अपने पहले एयरबस 320 विमान की आपूर्ति हासिल की है। यूरोपीय विमान निर्माता एयरबस के मुख्यालय तोलूस से रवाना हुआ यह विमान शनिवार को चेन्नई हवाई अड्डे पर उतरा।
एयरबस ने अपने एक ट्वीट में कहा कि भारत की नई एयरलाइन एयर एशिया इंडिया ने अपने पहले ए-320 की डिलीवरी हासिल की है। मलेशियाई एयरलाइंस एयर एशिया, टाटा संस लिमिटेड और टेलीस्ट्रा ट्रेडप्लेस के अरुण भाटिया के संयुक्त उपक्रम को फिलहाल विमानन नियामक डीजीसीए से उड़ान लाइसेंस मिलने का इंतजार है।
एयर एशिया का मुख्यालय चेन्नई में है। कंपनी के पहले विमान ए-320 में सभी 180 सीटें इकोनॉमी क्लास की हैं। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि सुबह साढ़े नौ बजे हवाई अड्डे पर लैंड हुए विमान का पानी की बौछारों से स्वागत किया गया। यह विमान शार्लेट्स के साथ डिलीवर हुआ है। शार्लेट्स ऐसे फोल्डेड विंग होते हैं जिनसे विमान को आसानी से ग्लाइड करने में मदद मिलती है। इससे विमान ईधन की कम खपत करता है।
एयर एशिया इंडिया के सीईओ मिंट्टू चांडिल्य ने कहा कि ए-320 का आगमन इस नजरिये से अहम है कि हम परिचालन शुरू करने के करीब पहुंच गए हैं। भारतीय विमानन क्षेत्र में बड़े बदलावों में अब ज्यादा देर नहीं। कंपनी सस्ती एयरलाइन श्रेणी में नए बेंचमार्क स्थापित करेगी।
एयर एशिया इंडिया को पिछले साल दिसंबर में 10 ए 320-200 विमानों के आयात की सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी। कंपनी ने शुरुआत में चार-पांच ए 320-200 विमानों के साथ परिचालन शुरू करने की तैयारी की है। साल के अंत तक विमानों की संख्या बढ़ाकर 10 की जाएगी। पिछले साल अप्रैल में विदेशी निवेश संवर्द्धन बोर्ड ने नई एयरलान शुरू करने के लिए तीन करोड़ डॉलर के सौदे को मंजूरी दी थी। कंपनी को कुछ माह पहले ही विमानन मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र हासिल हुआ है।




















