टांडा .हिमाचल प्रदेश के टांडा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा चुनावों को विचारों का युद्ध करार दिया.
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस जहां लोगों के सशक्तिकरण के लिए मैदान में है तो वहीं विपक्ष केवल देश के अमीरों का प्रतिनिधित्व कर रहा है.
पूर्व सैनिकों के साथ एक मुलाकात में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह केंद्रीय वेतन आयोग में सशस्त्र बलों के प्रतिनिधि को शामिल करने समेत पूर्व सैनिकों की मांगों को पूरा करने के लिए पूरे दिल से प्रयास करेंगे.
उन्होंने कहा, ‘‘भारत में चुनाव विचारों का युद्ध है. एक तरफ कांग्रेस है, जो महसूस करती है कि सत्ता हर एक के हाथ में होनी चाहिए और यह कि देश कैसे शक्तिशाली बन सकता है’’.
राहुल गांधी ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा, ‘‘दूसरी ओर, विपक्षी सोचते हैं कि देश को केवल शक्तिशाली और धनी लोगों द्वारा ही चलाया जा सकता है और उनके विचारों में गरीबों के लिए कोई जगह नहीं है’’.
उन्होंने इस विचार से सहमति जतायी कि सशस्त्र बलों और नौकरशाही में विभाजन है. उन्होंने कहा, ‘‘एक रैंक एक पेंशन के मुद्दे पर मैं यह विभाजन महसूस कर सकता था’’.
राहुल गांधी ने कहा कि वह कई बार पूर्व सैनिकों की मांगों को पूरा करने में सक्षम होंगे लेकिन कई बार वह ऐसा नहीं कर पाएंगे.उन्होंने कहा, ‘‘मैं बड़े वादे नहीं कर सकता लेकिन मेरी मंशा पूरी तरह स्पष्ट है. मैं आपसे वादा करता हूं कि आपकी जो भी मांगें हैं , मैं उन्हें पूरा करने के लिए पूरे दिल से प्रयास करूंगा’’.





















