नई दिल्ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की नाराजगी ने पार्टी को मुश्किल में डाल दिया है। चुनाव से ऐन पहले आडवाणी का नाराज होना और उन्हें मनाने का दौर बीजेपी को भारी पड़ रहा है। उधर, विपक्षी नेताओं ने बीजेपी पर हमला तेज कर दिया है। आडवाणी के बहाने नेता सीधे तौर पर नरेंद्र मोदी को निशाने पर ले रहे हैं।
बीजेपी में चल रहे इस घटनाक्रम को लेकर विपक्ष ने हमला बोल दिया है। एनसीपी नेता तारिक अनवर ने कहा कि बीजेपी में सब ठीक-ठाक है तो इतना अस्त-व्यस्त क्यों हो रहा है। अब देश के लोग देख रहे हैं कि ये सत्ता के लिए क्या कर रहे हैं। बीजेपी जोशी जी, आडवानी जी को अलग कर रही है। बीजेपी बड़े लीडरों का सम्मान नहीं करना जानती। नरेंद्र मोदी भारत की राजनीति में भी सबका कद छोटा करेंगे। हर जगह मोदी के पोस्टर हैं भाजपा की सरकार के पोस्टर नहीं हैं। अगर उनकी लहर चल रही है तो उनको सुरक्षित सीट की क्या ज़रूरत थी। अगर एक से हार गए तो दूसरी जगह से जीत जाएंगे।
वहीं गुजरात कांग्रेस नेता अर्जुन मोडवाडिया ने कहा कि मोदी जो लोकप्रियता का दावा करते हैं। वो कितने डरपोक हैं, जोशी जी को अपमानित किया और उनकी सीट पर लड़ रहे हैं। आडवाणी जी को हमेशा अपमानित करते रहे हैं। उन्हें मजबूर किया गया है कि आप गुजरात में आएं और मोदी के हाथ-पांव जोड़कर ही आप आगे बढ़ सकते हैं, लोकसभा में जा सकते हैं।
उधर, आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि बीजेपी में बिलकुल आग लगी हुई है। संघ की पार्टी है। हवा सब निकल गई है। देश की जनता देख रही है। बुरी तरह से आपस में लड़ रहे हैं। उनका नाश तो होना है।
वहीं मीसा भारती ने कहा कि ये उनके दल का अंदरूनी मामला है। आडवाणी जी ने मोदी जी का विरोध किया था। आडवाणी जी की पकड़ वहां पर लोगों पर होगी ही। आडवाणी जी को नहीं डरना चाहिए। अगर उनकी लहर है तो वो कहीं से भी लड़ सकते हैं। जिस तरह से देखने को मिल रहा है एक आदमी की पार्टी बनकर रह गई है। सिर्फ मोदी दिखते हैं कोई और नेता नहीं दिखता है।
सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि जो सुलूक आडवाणी के साथ हो रहा है वो बताता है कि मोदी के रहते किसी का सम्मान सुरक्षित नहीं है। आडवाणी ने पार्टी को यहां तक पहुंचाया है।






















