मथुरा.गौर पूर्णिमा पर्व पर रविवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अक्षय पात्र में दुनिया के सबसे ऊंचे चंद्रोदय मंदिर की आधारशिला रखी। इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रोदय मंदिर भी अपनी बेजोड़ कला एवं संस्कृति के लिए देश ही नहीं पूरी दुनिया में जाना जाएगा। इससे ब्रज क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा।
रविवार दोपहर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अक्षय पात्र स्थित भूमि पूजन समारोह में पहुंचे तथा हवन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र विश्व में अपनी संस्कृति, सभ्यता और मंदिरों के कारण विख्यात है। इतने विशाल मंदिर का निर्माण करना कोई सरल कार्य नहीं, फिर भी अक्षय पात्र द्वारा मंदिर निर्माण के लिए जो सार्थक पहल की गई है, उसके लिए सरकारी स्तर पर हर कार्य करने को तैयार हैं।
उन्होंने इस मंदिर के लिए लोगों से दिल खोलकर सहयोग देने की अपील की। यह भी कहा कि सभी दलों को इसी तरह से बिना राजनीति विकास के लिए कार्य करने चाहिए।






















