एजल. 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतगणना का काम शुरू हो गया है. अभी 11 सीटों के शुरुआती रुझान मिले हैं जिसके अनुसार कांग्रेस इनमें से 10 सीटों पर आगे चल रही है जबकि एक सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट आगे है. मिजोरम विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था. दिल्ली सहित चार राज्यों में करारी हार के बाद कांग्रेस की सारी उम्मीदें अब इसी राज्य में टिकी हुई हैं.राज्य में चुनाव 25 नवंबर को हुए थे. डाक मतपत्रों की गणना के साथ ही सुबह मतगणना शुरू हुई.
राज्य के संयुक्त प्रमुख निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आठ जिलों में मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं. उन्होंने बताया कि मतगणना की प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग के महानिदेशक आशीष श्रीवास्तव और कई पर्यवेक्षक यहां पहुंच चुके हैं. राज्य में कुल 142 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं जिनमें से छह महिलाएं हैं.
मतगणना में मुख्यमंत्री, कांग्रेस के लाल थनहावला, उनके 11 मंत्रिमंडलीय सहयोगी, जोरम नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष लाल दुहावमा, मिजो नेशनल फ्रंट के अध्यक्ष जोरमथांगा और मिजोरम पीपुल्स कॉन्फ्रेंन्स के अध्यक्ष लाल मंगइया साइलो सहित 142 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा.
चुनाव के नतीजे स्पष्ट करेंगे कि क्या चार बार मुख्यमंत्री रह चुके लाल थनहावला इस बार भी कांग्रेस का परचम लहरा पाएंगे या सत्ता विरोधी लहर का सामना करेंगे. वह दो सीटों, अपने गृह नगर सरचिप और हरेंगतुजरे से चुनाव लड़ रहे हैं. जोरम नेशनलिस्ट पार्टी (जेडएनपी) के अध्यक्ष लाल दुहावमा भी दो सीटों से, एजल वेस्ट द्वितीय और कोलासिब से चुनाव लड़ रहे हैं.
राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी मिजोरम डेमोक्रेटिक अलायंस सभी 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं. विपक्षी मिजोरम डेमोक्रेटिक अलायंस में एमएनएफ, एमपीसी और मारालैंड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एमडीएफ) शामिल हैं. मुख्यमंत्री को सी लाल रमजउवा से कड़ी चुनौती मिल रही है. पेशे से वकील लाल रमजउवा सरचिप विधानसभा सीट पर मिजोरम डेमोक्रेटिक अलायंस के प्रत्याशी हैं.
दूसरी सीट हरेंगतुजरे पर उनका मुकाबला वर्तमान विधायक, एमडीए के लाल थनसांगा से है. मुख्य विपक्षी एमएनएफ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जोरमथांगा तुईपुई ईस्ट सीट से अपना भाग्य आजमा रहे हैं.
कांग्रेस के अलावा, एमडीए भी सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. जेडएनपी 38 सीटों पर, बीजेपी 17 सीटों पर और राकांपा दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है. जय महाभारत पार्टी एक सीट पर और निर्दलीय चार सीटों पर किस्मत आजमा रहे हैं. राज्य में छह महिला प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं. इनमें से एक कांग्रेस से, एक एमडीए से, 3 भाजपा से और एक निर्दलीय हैं.
मिजोरम भारत का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से 9,806 अधिक है. राज्य में कुल मतदाता 690,860 है.




















