
नई दिल्ली। चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। लेकिन दिल्ली में बीजेपी को 32 सीटों पर जीत मिली है तो आम आदमी पार्टी को 28 सीटों पर फतह मिली है। आप ने किसी का समर्थन लेने और देने से साफ इनकार कर दिया है। ऐसे में अब अहम सवाल ये है कि क्या दिल्ली में फिर से चुनाव होगा। आखिर कैसे गड़बड़ हो गया है दिल्ली का सियासी गणित। अब आगे क्या होगा, क्या राष्ट्रपति शासन लगेगा, क्या दोबारा चुनाव होगा। मामला बेहद पेचीदा है।
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से बीजेपी को 32 सीटों पर जीत मिली है। आम आदमी पार्टी ने 28 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई, और 8 सीटों पर सिमट गई। अन्य के खाते में 2 सीटें गई हैं। यानी किसी भी पार्टी के पास बहुमत नहीं है.
दिल्ली में 70 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 36 है। बीजेपी के पास 32 सीटें हैं, यानी सरकार बनाने के लिए 4 सीटों की जरूरत है। अगर अन्य के हिस्से में आए दो सीटों को मिला दें तो बीजेपी के पास 34 सीटें ही होंगी। 2 अन्य में एक सीट जेडीयू की है और एक सीट निर्दलीय की। फिलहाल जेडीयू जिस तरह से बीजेपी से दूरी बनाकर चल रही है, उसमें ये होता नहीं दिख रहा। मुंडका से निर्दलीय विधायक रामवीर शौकीन का कहना है कि अगर नरेंद्र मोदी मुझे दिल्ली के उप प्रधानमंत्री पद का पेशकश करें तो मैं बीजेपी में आ जाउंगा। अगर बीजेपी को रामवीर का समर्थन मिल भी जाए तो आंकड़ा बहुमत तक नहीं पहुंचता। आप को सरकार बनाने के लिए 8 सीटों की जरूरत पड़ेगी, जो कहीं से भी मुमकिन होता नहीं दिख रहा.
आम आदमी पार्टी को उम्मीद हे की यदि फिर से चुनाव होते हे तो जनता अब उसे पूर्ण बहुमत देगी.






















