जम्मू। जम्मू एवं कश्मीर को भिखारी राज्य कहने के लिए राज्य में सत्ताधारी नेशनल कान्फ्रेंस ने भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी नरेंद्र मोदी को माफी मांगने के लिए कहा। राज्य की शीतकालीन राजधानी जम्मू में 1 दिसंबर को आयोजित एक सभा में मोदी ने कहा था कि विपुल प्राकृतिक संपदा के बावजूद जम्मू एवं कश्मीर हमेशा केंद्र सरकार के पास कटोरा लेकर भीख मांगने के लिए पहुंचता है।
एक संयुक्त बयान में पार्टी नेताओं ने कहा कि यह भूलचूक से या अनजाने में नहीं कहा गया है, बल्कि जानबूझकर जम्मू एवं कश्मीर की जनता को भड़काने के लिए कहा गया है ताकि बीजेपी हाल ही में जिन राज्यों में विधानसभा के चुनाव हुए हैं वहां और अगले साल 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में उसका लाभ ले सके।






















