जयपुर.राजस्थान विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने 199 सीटों में से 162 सीटों पर कब्जा कर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस की भारी हार के बाद राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौप दिया है। वहीं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा चन्द्रभान ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से त्यागपत्र भेज दिया है। वह मंडावा सीट पर अपनी जमानत भी नहीं बचा सके और चौथे पायदान पर रहे।
वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर चुनावी समर में उतरी भाजपा ने 162 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस मात्र 21 सीटों पर ही अपनी जीत दर्ज कर पाई। वाम दल इस बार अपना खाता भी नहीं खोल पाये जबकि नेशनल पीपुल्स पार्टी ने चार सीटों पर और क्षेत्रीय पार्टी ने दो स्थानों पर अपनी जीत दर्ज कराई है। सात निर्दलीय उम्मीदवार भी विधानसभा में पहुंचने में कामयाब हो गए है।






















