नई दिल्ली। कांग्रेस को उम्मीद है कि नमो के अभियान की हवा जल्द निकल जाएगी। कांग्रेस के मीडिया प्रमुख अजय माकन ने शनिवार को यह उम्मीद जाहिर की है। माकन का मानना है कि पांच राज्यों के विधान सभा चुनावों के प्रचार के दौरान मोदी इतना बोल चुके हैं कि उनके पास कहने के लिए अब कुछ नया नहीं है। वह लगातार एक ही बात को दोहरा रहे हैं और गलती पर गलती करते जा रहे हैं।
अंग्रेजी समाचार पत्र के समारोह को संबोधित करते हुए माकन ने ये विचार व्यक्त किए। बकौल माकन, ‘मुझे नहीं लगता कि यह सब [मोदी का अभियान] लंबे समय तक चलेगा। लोग आपसे बार-बार एक ही चीज सुनने की अपेक्षा नहीं करते हैं।’ कांग्रेस नेता के मुताबिक, ‘लोग नेताओं से हर समय कुछ नया सुनना चाहते हैं। मोदी के पास अब नया कहने के लिए कुछ नहीं शेष है। यदि जब कुछ नया कहने के लिए नहीं है तो बार-बार वह [मोदी] गलती पर गलती करते जा रहे हैं।’ माकन का कहना है कि कुछ नया नहीं रहने से मोदी वास्तविकता से दूर गलत तथ्य देने व गलतबयानी करने को विवश हैं।




















