ढाका.बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना ने आम चुनाव टालने की विपक्ष की मांग को खारिज करते हुए कहा है कि चुनाव अगले महीने निर्धारित समय पर होगा। हसीना ने साथ ही अपनी कट्टर प्रतिद्वंद्वी खालिदा जिया से कहा कि वह घर में रहने की बजाय मैदान में उतरकर मुकाबला करें।
हसीना ने अवामी लीग संसदीय बोर्ड (एएलपीबी) की बैठक में परोक्ष रूप से खालिदा के संदर्भ में कहा कि यदि आप कोई आंदोलन शुरू करना चाहते हैं तो मैदान में आइये। उन्होंने देश की जनता से कहा कि वे मतदान करने और अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए तैयार रहें। हसीना ने कहा कि आपके आंदोलन के लिए बच्चे अपराधी बन रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी नेता बेगुनाह लोगों को मार रहे हैं और देश को अराजकता की ओर धकेल रहे हैं।
हसीना की यह टिप्पणी ऐसे समय आयी है जब देश की अवामी लीग सरकार की पांच जनवरी को चुनाव कराने की योजना के खिलाफ विपक्ष के राष्ट्रव्यापी बंद के दौरान हुई व्यापक हिंसा भड़क गईं।





















