गोवा.यौन उत्पीड़न के आरोप में फंसे तहलका के पूर्व एडिटर इन चीफ तरुण तेजपाल की अग्रिम जमानत पर कोर्ट में बहस शुरू हो गई है।तेजपाल की वकील गीता लूथरा ने दलील दी कि, अदालत जहां चाहे तेजपाल रहने के लिए तैयार हैं। वो गोवा में रह सकते हैं। अदालत चाहे तो वो बैंगलोर में भी रह सकते हैं। जब तक चार्जशीट फाइल नहीं होती अदालत जहां कहे, तेजपाल वहां रहने के लिए तैयार हैं। पीड़ित महिला से कोई संपर्क न रखा गया है न रखा जाएगा। वो जांच पूरी होने तक अपना पता और मोबाइल नंबर पुलिस को देंगे। तेजपाल मुंबई नहीं जाएंगे। गिरफ्तारी आखिरी विकल्प होना चाहिए। लेकिन इस मामले में वो बिलकुल ज़रूरी नहीं है। साथ उन्होंने कहा कि तेजपाल अपने खाते का हिसाब भी देने को तैयार हैं। पणजी सेशंस कोर्ट ने आज सुबह 10 बजे तक तेजपाल को गिरफ्तारी से राहत दी थी। तेजपाल आज सुबह 9.05 बजे होटल से क्राइम ब्रांच पहुंचे और वहां हाजिरी देकर वापस होटल लौट आए।
इसके बाद तेजपाल भी कोर्ट पहुंच गए। हालांकि इससे पहले तेजपाल ने कहा था कि मेरा अदालत में जाना जरूरी नहीं है। मैं पुलिस को पूरा सहयोग कर रहा हूं। उधर, क्राइम ब्रांच की टीम कोर्ट पहुंच गई है। इसके अलावा कोर्ट में तेजपाल की पत्नी और उनकी बेटी भी मौजूद हैं।
कल कोर्ट में तेजपाल के वकीलों ने लंबी बहस की। इस दौरान वकीलों को जज से फटकार भी लगी। जज ने वकीलों को हिदायत दी कि पीड़िता को आरोपी की तरह पेश न किया जाए। कल तेजपाल दिल्ली से गोवा पहुंचे। फ्लाइट में उनके साथ गोवा पुलिस भी थी। कोर्ट में बहस के बाद पुलिस ने तेजपाल से लंबी पूछताछ की और ये पूछताछ रात डेढ़ बजे तक चली।
उधर नयी दिल्ली में कांग्रेस ने विजय जौली द्वारा तहलका पत्रिका की पूर्व प्रबंध संपादक शोमा चौधरी के घर पर लगे नेमप्लेट पर कालिख पोतने की घटना को लेकर भाजपा पर आज तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह खुद पर कालिख पोतने के बराबर है और ऐसी हरकत करने वाले नेता ने अपनी पार्टी की संस्कृति ही पेश की है.
दिल्ली के प्रभारी एवं पार्टी महासचिव शकील अहमद ने संवाददाताओं से कहा, भाजपा अगर इस घटना को लेकर हकीकत में शर्मिंदा है, तो उसे जॉली के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. जॉली ने तो भाजपा की संस्कृति ही पेश की है.कांग्रेस के प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा, यह भाजपा का बहुत पुराना स्वाभाव है. मीडिया के लिए इस तरह का उनका व्यवहार कोई नया नहीं है.






















