काठमांडू: नेपाल मे रूपनदेही जिले के लुम्बिनी में हाल ही में की गई खुदाई से न केवल सबसे पुराना बौद्ध मंदिर दुनिया के सामने आया है, बल्कि इस खोज से महात्मा बुद्ध के जन्म समय को लेकर भी नया खुलासा हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि नई खोज से इस बात के मजबूत प्रमाण मिल रहे हैं कि महात्मा बुद्ध का जन्म अभी तक मान्य उनके जन्म समय से लगभग दो सदी पहले हुआ था।
वरिष्ठ नेपाली पुरातत्ववेत्ता कोश प्रसाद आचार्य के साथ खुदाई दल का नेतृत्व करने वाले ब्रिटेन की डरहम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर राबिन कोनिंघम ने कहा, यह पहला मौका है जब हमें लुम्बिनी में पुरातात्विक तारतम्यता देखने को मिली है। यह इमारत छठी शताब्दी से संबंधित है।
इससे पहले माना जाता था कि गौतम बुद्ध का जन्म छठी शताब्दी ईसा पूर्व लुम्बिनी में हुआ था। इस साल की यह दूसरी महत्वपूर्ण खोज है। लुम्बिनी के पवित्र बगीचे मे पिछले 11 महीनों से ‘पुरातात्विक जांच परियोजना’ के तहत यह खुदाई की जा रही थी। नेपाल सरकार के साथ ब्रिटेन की डरहम और स्टर्लिंग यूनिवर्सिटियों की सहभागिता और जापान सरकार द्वारा मुहैया कराई गई आर्थिक मदद से यूनेस्को के तत्तवावधान में यह खुदाई की गई।





















