पुष्करः कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि वंचित वर्ग विकास की फसल काटें, गरीबी की ‘मजबूत दीवार’ तोड़ने की जरूरत है। राहुल ने एक चुनावी सभा में कहा,”निश्चित तौर पर भारत को सड़कों, रेल संपर्क और हवाई अड्डों जैसे आधारभूत ढांचे की जरूरत है,लेकिन गरीब लोगों को भी मदद की जरूरत है और उन्हें लाभ मिलना चाहिए और उन्हें आगे बढ़ना चाहिए।’
उन्होंने बीजेपी की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि जहां कांग्रेस मददगार ‘हाथ’ (कांग्रेस का चुनावी निशान) देकर गरीबों की मदद करना चाहती है वहीं एक पार्टी ‘इस (गरीबी की) दीवार’ से गरीबों को टकराकर उन गरीबों का सिर तोड़ना चाहती है।’ राहुल ने कहा, ‘हमारे और उनके बीच यह प्रमुख अंतर है।’
उन्होंने वंचित तबके के साथ भावनात्मक तार जोड़ने का प्रयास करते हुए कहा कांग्रेस गरीबों को हृदय से समझती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी के काम करने के तरीके और देश में विकास और समृद्धि लाने के लिए जरूरी प्रयासों को लेकर दृष्टिकोण में अंतर है। राहुल ने श्रोताओं से सीधा संपर्क बनाने की शैली में महिलाओं से पूछा कि वह जो कह रहे हैं वह सही या गलत। तालियों की गूंज के बीच भीड़ से आवाज आई ‘आप सही हैं।’





















