बेंगलुरु : मानव संसाधन विकास मंत्रालय केंद्र की योजना में 278 नए विश्वविद्यालय और 388 कालेजों की स्थापना करेंगे। इनमें से कुछ कालेजों को विश्वविद्यालय बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।मानव संसाधन सचिव ठाकुर संप्रग सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (आरयूएसए) पर उच्च शिक्षा मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए और बाद में संवाददाताओं से बातचीत में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एमएम पल्लम राजू ने कहा कि 12वीं योजना में आरयूएसए के तहत 22,500 करोड़ रुपये खर्च करने का केंद्र का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य राज्य स्तर पर उच्चतर शिक्षा के वित्तपोषण में सुधार है। ठाकुर ने निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना के जाल में फंसने के खिलाफ राज्य सरकारों को आगाह किया। अधिकतर प्रस्तावित निजी विश्वविद्यालयों के प्रवर्तक ऐसे लोग हैं जिनकी पृष्ठभूमि शिक्षा क्षेत्र नहीं है।
इसके बदले उन्होंने स्वायत्त कालेजों और अच्छे रिकार्ड वाले संस्थानों को विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए बढ़ावा दिए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभी हर विश्वविद्यालय से 300 से भी ज्यादा कालेज संबद्ध हैं। इससे शोध एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में बाधाएं आती है।






















