भोपाल. मध्यप्रदेश में 230 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को 70 फीसद से अधिक मतदान हुआ, जबकि मिजोरम में 81 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है.
चुनाव आयोग के अनुसार मध्यप्रदेश में छिटपुट घटनाओं के बीच 70 फीसद से अधिक मतदान हुआ है. वहीं, भिण्ड जिले के लहार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र 182 के बाहर गोली चली है और मामले में विस्तृत जानकारी अपेक्षित है. इसी मतदान केन्द्र और मतदान केन्द्र 189 पर ईवीएम तोड़े जाने पर दूसरी मशीन लगाई गई, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू हो सकी. पुलिस इन सभी घटनाओं पर कार्रवाई कर रही है.
आदिवासी बहुल इलाकों में सर्वाधिक मतदान
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयदीप गोविंद ने बताया कि अब तक प्राप्त सूचनाओं के अनुसार बड़वानी, झाबुआ, मण्डला और डिण्डोरी में सर्वाधिक मतदान हुआ है. ये सभी आदिवासी बहुल इलाके हैं. मतदान शुरू होने से पहले हृदयाघात से कटनी के बड़वारा में सहायक मतदान अधिकारी केबी श्रीवास्तव और मुंगावली में एक मतदानकर्मी की मौत हुई है, लेकिन इससे वहां मतदान प्रभावित नहीं हुआ है.
जयदीप गोविंद ने बताया कि चौरई (छिन्दवाड़ा) और अटेर (भिण्ड) में कुछ उपद्रव की सूचना है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है. मुरैना के धसटुआ गांव में ईवीएम लूटने, छतरपुर के मतदान केन्द्र 80 में ईवीएम से छेड़छाड़ और सिवनी मालवा में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मतदान केन्द्र पर कब्जे का आरोप लगाया गया है, जिसकी जांच की जा रही है.
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बिजली, सड़क, पानी जैसे विकास कार्यों को लेकर होशंगाबाद के पिपरिया, रतलाम के आलोट, ग्वालियर के सौसा, रायसेन के उदयपुरा, उमरिया के मतदान केन्द्र 72, मुरैना के अम्बाह में मतदान केन्द्र 77, बैतूल के घोड़ाडोंगरी में मतदान केन्द्र 189, खजुराहो के अंतरागांव तथा इटारसी के सिवनी मालवा के एक मतदान केन्द्र पर चुनाव बहिष्कार की जानकारी मिली है.
मिजोरम में वोटिंग के लिए उमड़े मतदाता
दूसरी ओर, मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार सुबह सात बजे शुरू होने के साथ ही मतदाताओं की भीड़ पोलिंग बूथ पर उमड़ने लगी. चुनाव आयोग के अनुसार यहां 81 फीसद से अधिक मतदान हुआ.





















