भोपाल. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने आज कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी अहंकार मे चूर होकर अपनी रैलियो मे कांग्रेस पर आधारहीन आरोप लगा रहे है.
मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव में पार्टी के प्रचार अभियान के दौरान सिब्बल ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी को अहंकार इतना ज्यादा हो गया है कि वह रैलियो में कांग्रेस पर देश को बर्बाद करने के आरोप लगाते है लेकिन आकडो के आधार पर सवाल जवाब से बचने के लिए प्रेस का सामना करने से बचते है. सिब्बल ने कहा कि मोदी कहते है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने देश बर्बाद कर दिया जबकि सच यह है कि विगत दस वर्षो मे प्रतिव्यक्ति आय करीब तीन गुनी और राज्यो की सकल बजटीय सहायता चार गुना बढ़ी है. उन्होने कहा कि यह पैसा कर से आता है. अगर कर बढ़ा है तो आमदनी भी बढ़ी होगी तो क्या इसे बर्बादी कहा जा सकता है. यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस बार बार मोदी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करके उन्हे राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ावा नहीं दे रही है. सिब्बल ने कहा कि मोदी अपनी हर रैली में अभद्र भाषा मे कांग्रेस पर आरोप लगा रहे है. इस पर मीडिया कांग्रेस से सवाल पूछता है तो कांग्रेस को जवाब देना पड़ता है.






















