बालाघाट। कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रचार को मध्य प्रदेश पहुंचे पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को शिवराज सरकार पर हमला करते हुए कहा मध्यप्रदेश हिंदुस्तान का सबसे अमीर प्रदेश है, लेकिन भ्रष्टाचार में भी यह सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि हमारी और भाजपा की सोच में बड़ा फर्क है। संप्रग की योजनाओं से हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है, जबकि विपक्षी सिर्फ अमीरों के लिए ही योजनाएं बनाते हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल क्षेत्र लांजी में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस जो वायदे करती है उसे पुरा करती है। कुछ लोग सिर्फ वायदे ही करते हैं लेकिन उस पर अमल नहीं करते।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 50000 रुपये तक के कृषि ऋण माफ करने का वादा किया था, लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी ऐसा नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि यदि यहां कांग्रेस की सरकार बनती है तो ये ऋण माफ कर दी जाएगी।
केंद्र सरकार द्वारा सूचना के अधिकार कानून का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस कानून को बनाने के बाद हमारे उपर कुछ आरोप भी लगे लेकिन इसके बावजूद हम जनता को अधिक अधिकार संपन्न बनाने के लिये और कानून लाएंगे। उन्होंने कहा कि चाहे प्रधानमंत्री हो, मुख्यमंत्री या कोई अधिकारी , एक बच्चा भी इस कानून के तहत उनसे हर तरह की जानकारी ले सकता है।
राहुल ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि भारत तभी अपने आप को शक्तिशाली देश होने का दावा कर सकता है जब यहां के गरीब आदिवासी बच्चे स्कूल व कालेज जाने लगेंगे व उद्यमी बनेंगे।विकास की प्राथमिकता में सड़क और रेल लाइन शामिल हैं। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और आदिवासियों के उत्थान की बात कर उन्हें लुभाने की कोशिश की।





















