वाशिंगटन: पाकिस्तान के हैंगु जिले में गुरुवार सुबह आतंकवादियो की खोज में अमेरिकी ड्रोन द्वारा एक मदरसे पर दागे गए मिसाइल में पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत के हैंगु जिले के थाल इलाके में स्थित मदरसा ‘दार-उल-उलूम’ पर स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 5 बजे हमला किया गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हमले के वक्त मदरसे में कई छात्र थे। हमले के बाद स्कूल की इमारत ढह गई। मलबे के नीचे कई छात्रों के दबे होने की आशंका है। ड्रोन ने इस दौरान चार मिसाइल दागे, जिससे कबायली लोगों के बीच तनाव व्याप्त हो गया।






















