न्युयार्क.अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चर्चित भारतीय-अमेरिकी एक्टर और वाइट हाउस के पूर्व कर्मचारी कल पेन को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद के लिए नॉमिनेट किया है। काल पेन का नॉमिनेशन आर्ट्स एंड द ह्यूमनिटीज पर राष्ट्रपति की कमिटी के मेंबर पद के लिए किया गया है। ‘नेमसेक’ से चर्चित हुए इस अभिनेता के नाम का ऐलान सोमवार को किया गया। पेन ने ओबामा के पहले कार्यकाल में वाइट हाउस में अपनी सेवाएं दी थीं और पिछले साल उनके फिर से चुने जाने के लिए प्रचार अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, खासकर चुनाव के दौरान युवाओं को आकर्षित करने में उनका विशेष योगदान रहा। कलपेन सुरेश मोदी का जन्म न्यूजर्सी में हुआ था। पेन एक अभिनेता, लेखक और फिल्म निर्माता हैं। उन्होंने हैरॉल्ड और कुमार सीरीज की फिल्मों से काफी लोकप्रियता पाई।






















