वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज बताया कि आर्थिक वृद्धि तेज करने के लिए और उपायों की जरूरत है और सरकार इस दिशा में आवश्यक कदम उठा रही है। आर्थिक मामलों के सचिव अरविन्द मायाराम ने कहा, ‘विश्व अर्थव्यवस्था में मंदी का भारत पर असर पड़ा है। सरकार ने वृद्धि तेज करने के लिए कई उपाय किये हैं, पर हम स्वीकार करते हैं कि इस दिशा में और प्रयासों की आवश्यकता है।’ मायाराम कट्स इंटरनेशनल की ओर से यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वित्तवर्ष 2012-13 में देश की आर्थिक वृद्धि दर गिरकर दशक के निम्न स्तर पांच फीसद रह गयी थी।






















