कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा को अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीद्वार को इतिहास की ट्यूशन दिलानी चाहिए। दिग्विजय ने इंदौर के आजाद नगर में चुनावी सभा में कहा कि आजकल भाजपा को मोदी का बुखार चढ़ा है, लेकिन भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी को 12वीं में पढ़ाये जाने वाले देश के इतिहास की भी जानकारी नहीं । उन्होंने व्यंग्य किया, भाजपा को मोदी को ट्यूशन दिलानी चाहिये, ताकि उन्हें देश का इतिहास मालूम हो सके। कांग्रेस महासचिव ने मोदी को फेंकू नम्बर-एक करार देते हुए कहा कि मैं मोदी के 300 झूठों को जल्द ही फेसबुक और टि्वटर पर अपलोड कराने वाला हूं।
दिग्विजय ने केशूभाई पटेल से लेकर लालकृष्ण आडवाणी जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम गिनाते हुए कहा कि जिस हाथ ने मोदी को आगे बढ़ाया, उसे उन्होंने काटा है। अब भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह का नम्बर है। कांग्रेस महासचिव ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किये जाने वाले विकास के दावों को खोखला बताते हुए उन्हें फेंकू नम्बर-दो की पदवी दी।
उन्होंने कहा कि शिवराज के भाई नरेंद्र के कथित भ्रष्टाचार की सीडी सामने आ गयी है, लेकिन इसकी शिकायत मिलने के बावजूद पुलिस उनके खिलाफ कोई जांच नहीं कर रही है, क्योंकि वह मुख्यमंत्री के भाई हैं। दिग्विजय ने यह आरोप भी लगाया कि प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की मिलीभगत से करीब 1,000 मुन्ना भाइयों को चिकित्सा महाविद्यालयों में फर्जी तरीके से प्रवेश दिलवाया गया।






















