गत चैंपियन विश्वनाथन आनंद करीबी मुकाबले में हार टालने के बाद बुधवार को नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन के खिलाफ विश्व शतरंज चैंपियनशिप की चौथी बाजी ड्रॉ कराने में सफल रहे बारह बाजियों के इस मुकाबले में अब जब आठ बाजियां और खेली जानी हैं, तब दोनों खिलाड़ी 2-2 अंक के साथ बराबरी पर चल रहे हैं। बुधवार को खेली गई चौथी बाजी में पहली बार आनंद को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इससे पहले मंगलवार को ड्रॉ हुई तीसरी बाजी में उन्होंने कार्लसन को परेशानी में डाला था। कार्लसन ने बुधवार को एक बार फिर दिखाया कि वह किसी भी तरह की चुनौती से निपटने को तैयार हैं।






















