यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ईएसए का एक उपग्रह जोस पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश कर जल गया है। यह पिछले 25 सालों में पहली बार है जब ईएसए का कोई उपग्रह धरती पर गिर गया हो।
पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण का अध्ययन करने वाला यह उपग्रह 2009 में छोड़ा गया था। यह 224 किलोमीटर की बेहद कम ऊंचाई वाली कक्षा में स्थापित किया गया था जिस कारण पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण बल को संतुलित करने के लिए इसके इंजन से लगातार इसे ऊपर की ओर धकेले जाने की जरूरत थी। पिछले महीने ही इसके इंजन का ईंधन समाप्त हो गया था और इसी कारण यह धरती की ओर लुढ़क गया।
गिरने से पहले वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया था कि इसका कम से कम पांचवां हिस्सा धरती तक पहुंचेगा। लेकिन अब वे कह रहे हैं कि संभवतः यह पूरी तरह से जल चुका है। जोस को आखिरी बार भारतीय समयानुसार आज तड़के 04.12 बजे अंटार्कटिका से 121 किलोमीटर ऊपर देखा गया था।






















