बगदाद. इराक की राजधानी बगदाद के शिया बहुल इलाकों में रविवार को 10 सिलसिलेवार कार बम धमाके हुए। इनमें कम से कम 62 लोगों की मौत हो गई। घटना में अलकायदा का हाथ होने का संदेह है। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस के मुताबिक 10 में से नौ धमाके शिया बहुल जिलों में हुए।
सबसे घातक हमला बगदाद के उत्तरी शहर मोसुल में हुआ। वहां आत्मघाती हमलावर विस्फोटक से लदी कार लेकर सेना के जवानों के बीच घुस गया। उस वक्त वहां सैनिकों को तनख्वाह दी जा रही थी। दो कार बम धमाके बगदाद के दक्षिण में स्थित नाहरावन शहर के बाजार में हुए। इनमें सात लोग मारे गए।
15 अन्य घायल हो गए। उत्तरी इलाके शाब और दक्षिणी इलाके अबु दशीर में दो धमाके हुए। इस तरह की हिंसक घटनाओं में अप्रैल से लेकर अब तक पांच हजार लोगों की जान जा चुकी है।





















