येरुशलम. इजरायल ने फलस्तीनी इलाके से इजरायल में आने वाली एक सुरंग का पता लगने का दावा किया है। इजरायल ने इसे ‘टेरर टनल’ बताया है। उसका कहना है कि इस टनल से होकर हमास के आतंकी इजरायल में नागरिकों पर आतंकी हमले करते थे और यहूदियों का अपहरण कर ले जाते थे। उधर, सुरंग बनाने की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। गाजा में सत्तारूढ़ हमास ने कहा है कि इजरायल को बढ़ा-चढ़ा कर बातें पेश करने की आदत है।
ढाई किलोमीटर लंबी यह सुरंग गाजा पट्टी के एक घर के नीचे से इजरायली इलाके किबुत्स एन होशलोशा तक पहुंचती है। इजरायली रेडियो के अनुसार यह न्यूयार्क के सब वे की तरह है। इसके साथ ही इजरायल ने गाजा पट्टी जाने वाली सारी निर्माण सामग्री रोक दी है। सेना के अनुसार सुरंग में विस्फोटक मिले हैं।
यह 15 से 18 मीटर गहरी है। इसे करीब 500 टन कंक्रीट के सहारे बनाया गया है। सुरंग का पता पिछले सोमवार को लगा जब किबुत्स के कुछ लोगों ने जमीन के नीचे से कुछ असामान्य सी आवाजें आने की शिकायत की। यह सुरंग गाजा के खान यूनिस के पास अबसान गांव से शुरू होकर सीमा पार करते हुए एन हाशलोशा तक पहुंचती है.





















