बीजिंग. चीन में प्रदूषण के कारण कई शहरों पर कोहरे के काले बादल छाए हैं। चीन के उत्तर-पूर्वी इलाकों में करोड़ों लोग घने कोहरे से जूझ रहे हैं। कोहरे की वजह से स्कूल, कॉलेज, बस सर्विस, एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। स्थानीय मीडिया घने कोहरे को चीन में अब तक का सबसे बड़ा एयर पॉल्यूशन क्राइसेस बता रहा है। प्रभावित इलाकों में विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रह गई है।
चीन की समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, प्रभावित इलाकों में आने वाले 24 घंटों तक स्थिति ऐसी ही रहने वाली है। विश्व की इस दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में वायु प्रदूषण बड़ी समस्या है यह बात सभी जानते हैं, लेकिन प्रदूषण इस प्रकार से और इतना जल्दी कहर बरपाएगा यह अनुमान किसी ने नहीं लगाया था। हालांकि, चीन सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए प्लान बना चुकी है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि वह अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है।
सरकारी मीडिया भी इस मुद्दे पर सरकार को कोस रहा है। उसका कहना है कि बड़े सरकारी अधिकारी और नेता अपने घरों में महंगे एयर प्योरिफायर लगाकर शान से जी रहे हैं.





















