प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर को सिनेमा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पहला यश चोपड़ा स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्हें केंद्रीय एवं सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार प्रदान किया। उन्हें कल रात यहां एक समारोह यह पुरस्कार प्रदान किया.
पिछले तीन दिन से अस्वस्थ रहने के बावजूद लता ने समारोह में भाग लिया जहां उद्योगपति-नेता टी सुब्बारामी रेड्डी ने दिवंगत फिल्मकार यश चोपड़ा की याद में एक राष्ट्रीय पुरस्कार दिये जाने की घोषणा की. रेड्डी ‘विजय’, ‘चांदनी’ और ‘लम्हे’ जैसी हिंदी फिल्मों के निर्माता और कांग्रेस के नेता हैं.
लता ने इस मौके पर कहा, ‘‘पिछले तीन दिन से मेरी सेहत ठीक नहीं है. मुझे बुखार है और डॉक्टर ने मुझसे आराम करने और कहीं नहीं जाने को कहा. लेकिन मैं यहां आना चाहती थी. मैं यहा इसलिए नहीं आई कि मुझे पुरस्कार मिलेगा और दस लाख रपये मिलेंगे. यश जी मेरे लिए बहुत खास थे और मैं उनकी यादों को प्रणाम करने यहां आई हूं.’’
लता मंगेशकर ने इस बात पर अफसोस जताया कि पिछले साल यश चोपड़ा के निधन से पहले वह उनसे मिल नहीं सकीं.
इस मौके पर यश चोपड़ा की पत्नी पामेला भी मौजूद थीं और वह अपने दिवंगत पति के बारे में बात करते हुए भावुक हो गयीं.
पामेला ने कहा, ‘‘मैं यहां आकर सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रही हूं. वह :लता मंगेशकर: एक आइकन हैं और हमें खुशी है कि उन्हें पुरस्कार मिला. वह मेरे पति के , मेरे परिवार के करीब रहीं हैं. मैं उनके अस्वस्थ होने के बावजूद यहां आने पर उनकी शुक्रगुजार हूं.’’
समारोह में श्रीदेवी, बॉनी कपूर, अनुष्का शर्मा, अनिल कपूर, जितेंद्र, रानी मुखर्जी, हेमा मालिनी, अक्षय कुमार, सुभाष घई, सिमी ग्रेवाल, सोनाली बेंद्रे समेत अनेक फिल्मी हस्तियों ने शिरकत की.
http://www.youtube.com/watch?feature=player_detailpage&v=Ou0B9T89L0g






















