श्रीनगर सेना ने एलओसी पर केरन सेक्टर के शालबट्टू इलाके में कारगिल के बाद अब तक के सबसे लंबे सैन्य अभियान को मंगलवार को सफलतापूर्वक समाप्त घोषित कर दिया। सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल संजीव चाचरा ने कहा कि घुसपैठियों को सीमा पार खदेड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को जिंदा रखने और घुसपैठ की कोशिशों के लिए पाकिस्तानी सेना ही जिम्मेदार है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में ऐसी और नापाक कोशिशें हो सकती हैं।





















