इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने अयोध्या के विवादित स्थल से जुड़े मामले में सितम्बर 2010 में फैसला सुनाने वाले तीन न्यायाधीशों की सुरक्षा में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात करने के निर्देश सोमवार को केन्द्र सरकार को दिये। अदालत ने कहा है कि इन न्यायाधीशों की सुरक्षा के मद्देनजर केन्द्र सरकार के लिये यह मुनासिब होगा कि तीनों न्यायाधीशों के आवासों पर सीआरपीएफ की तैनाती की जाए, जो न्यायालय के अगले आदेश पर निर्भर करेगी। न्यायमूर्ति देवी प्रसाद सिंह और न्यायमूर्ति देवेन्द्र कुमार उपाध्याय की खंडपीठ ने यह आदेश एक वकील की याचिका पर दिया.






















