१. वह जो सब बातों में अपना साथी सहायक, समर्थक और शुभचिंतक हो । सब प्रकार से अपने अनुरूप रहनेवाला, साथ देने वाला और अपना हित चाहनेवाला ।
शत्रु या विरोधी का उलटा ।
बंधु । सखा । सुहृद । दोस्त । भाई। साथी ।
२. अतिविषा नाम की लता । अतीस ।
३. सूर्य का एक नाम । उ॰— अंधकार में मलिन मित्र की धुँधली आभा लीन हुई ।— कामायनी, पृ॰ १४ ।
४. बारह आदित्यों में से पहले आदित्य का नाम ।
५. पुराणानुसार मरुदुगण में से पहले मरुत् का नाम ।
६. वशिष्ट के एक पुत्र का नाम जो ऊर्जा के गर्भ से उत्पन्न हुआ था ।
७. आर्यों के एक प्राचीन देवता का नाम मित्र
विशेष ऋग संहिता में लिखा है कि मनु से अदिति को जो आठ पुत्र हुए थे, उनमें से सात को अपने साथ लेकर आदिति देवलोक को चली गई थी; केवल मार्तंड नामक पुत्र को फेंक दिया था । ये आठ पुत्र मित्र, वरुण, धाता, अर्यमा, अंश, भग, विवस्वान् और आदित्य या मार्तंड थे । इनमें से पहले सातों की गिनती आदित्यों में होती है ।
परंतु महाभारत और पुराणों में द्वादश आदित्य का वर्णन है, जिनमें से एक मित्र भी हैं, वेदों में मित्र ही सर्वप्रधान आदित्य माने गए है, परंतु पुराणों आदि में उनका स्थान गौण है ।
वेदों में मित्र और वरुण की बहुत अधिक स्तुति की गई है, जिससे जान पड़ता है कि ये दोनों वैदिक ऋषियों के प्रधान देवता थे ।
*वेदों में यह भी लिखा है कि मित्र के द्वारा दिन और वरुण के द्वारा रात होती है* ।
यद्यपि पीछे से मित्र का महत्व घटने लगा था, तथापि पहले किसी समय सभी आर्य, मित्र की पूजा करते थे ।
पारसियों में इनकी पूजा ‘मिथ्र’ के नाम से होती थी । मित्र की पत्नी ‘मित्रा’ भी उनकी पूजनीय थी और अग्नि की आधिष्ठात्री देवी मानी जाती थी ।
कदाचित् असीरियावालों की ‘माहलेता’ तथा अरववालों की ‘आलिता देवी’ भी यही मित्रा थी ।
८. भारतवर्ष में एक प्रसिद्ध प्राचीन राजवंश का नाम मित्र वंश
जिसका राज्य उदुंवर और पांचाल आदि स्थानों में था । विशेष—कुछ लोग इसे शुंग वंश की एक शाखा बतलाते हैं, तथा कुछ लोग इस वंशवालों को शाकद्वीपी ब्राह्मण और कुछ शक क्षत्रिय मानते हैं । ईसवी पहली और दूसरी शताब्दी में इसका बहुत जोर था । भानुमित्र, सूर्यमित्र अग्निमित्र, ज्यमित्र, इंद्रमित्र, आदि इस वंश के प्रधान राजा थे । इनके जो सिक्के पाए गए हैं उनमे से कुछ में शैवों के, कुछ में वैष्णवों के और कुछ में सौरों के चिह्न पाए जाते हैं ।
वेदों में परस्पर मित्रता की कामना
परस्पर मित्रता हो
अक्ष्यौ नौ मधुसंकाशे अनीकं नौ समञ्जनम् ।।
अन्त: कृणुष्व मां हृदि मन इन्नौ सहासति ।।
अथर्ववेद 7/36/1
हम सभी मित्रों की दोनों आँखें ज्ञान का प्रकाश करने वाली हों । हम सभी का मुख यथावत् विकास वाला होवे । हमें अपने हृदय के भीतर कर लो । हम सभी का मन भी एकमेव हो । अर्थात् हम सदा ही प्रीतिपूर्वक रहें ।
सभी के प्रति मित्रभाव हो
दृते दृंह मा मित्रस्य मा चक्षुषा सर्वाणि भूतानि समीक्षन्ताम् ।।
मित्रस्याहं चक्षुषा सर्वाणि भूतानि समीक्षे ।।
मित्रस्य चक्षुषा समीक्षामहे ।।
यजुर्वेद 36/18
हे परमात्मा! तुम मुझे दृढ़ बनाओ । सर्वभूत मुझे मित्र की दृष्टि से देखें । मैं भी सर्वभूतों को मित्र की ही दृष्टि से देखूँ । हम परस्पर मित्र की दृष्टि से देखें ।
सभी का एकमत हो
संगच्छध्वं संवदध्वं संवोमनांसि जानताम् ।
देवाभागंयथापूर्वे संजानाना उपासते । ।
ऋग्वेद 10/191/2
हे स्तीताओं! तुम मिलकर रहो । एक साथ स्तोत्र पढ़ो और तुम लोगों का मन एक सा हो । जैसे प्राचीन देवता एकमत होकर अपना हविर्भाग स्वीकार करते हैं, वैसे ही तुम लोग भी एकमत होकर रहो ।
सबके विचार एक हों
समानो मन्त्र: समिति: समानी समानं मन: सह चित्तमेषाम् ।
समानं मन्त्रमभिमन्त्रयेव: समानेनवोहविषाजुहोमि । ।
ऋग्वेद 10/191/3
इन पुरोहितों की स्तुति एक सी हो, इनका आगमन एक साथ हो और इनके मन (अन्त:करण) तथा चित्त (विचारजन्य ज्ञान) एकविध हों ।
*द्वेषभाव न हो*
नयसीद्वति द्विष: कृणोष्युक्थशंसिन: ।
नृभि: सुवीर उच्यसे । ।
ऋग्वेद 6/45/6
हे प्रभु! तू द्वेष करने वाले के द्वेषभाव को निश्चय ही निकाल डालता है । तू उन्हें अपना प्रशंसक बना देता है । सच्चे मनुष्यों से तू सुवीर कहलाता है ।
ईर्ष्या से मुक्त हों
ईर्ष्याया ध्राजिं प्रथमां प्रथमस्या उतापराम् ।
अग्निं हृदह्यं शोकं तं ते निर्वापयामसि ।।
अथर्ववेद 6/18/1
परमात्मा की वाणी है, हे ईर्ष्यासंतप्त पुरुष! हम ईर्ष्या की पहली ही वेगवती गति को, ज्वाला को बुझाते हैं । पहली के बाद वाली ज्वाला को भी बुझाते हैं । इस तरह हे मनुष्य! तेरी उस हृदय में जलने वाली अग्नि को तथा उसके शोक–संताप को बिल्कुल शान्त कर देते हैं ।
अर्थात् मनुष्य दूसरे की वृद्धि देख कर कभी ईर्ष्या न करे ।
द्वेष की परम्परा का अवसान
इदमुच्छ्रेयो अवसानमागां, शिवे मे द्यावापृथिवी अभूताम् ।
असपत्ना: पृदिशो मे भवन्तु,
न वै त्वा द्विष्मो अभयं नो अस्तु । ।
अथर्ववेद 19/41/1
हे भाई! मैं ही तेरे साथ द्वेष करना छोड़ देता हूँ । अब यह ही कल्याणकर है कि मैं अब समाप्ति पर आ जाऊँ, शत्रुता की परम्परा का विराम कर दूँ । द्यौ और पृथिवी भी मेरे लिए अब कल्याणकारी हो जाएँ । सभी दिशाएँ मेरे लिए शत्रु–रहित हो जाएँ । मेरे लिए अब अभय ही अभय हो जाए ।
हम सदा निर्वैर हों
अनमित्रं नो अधरादनमित्रं न उत्तरात् ।
इन्द्रानमित्रं न पश्चादनमित्रं पुरस्कृधि।।
अथर्ववेद 6/40/3
हे प्रभु इन्द्र! हमारे लिए नीचे से निर्वैरता, हमारे लिए ऊपर से निर्वैरता, हमारे लिए पीछे से निर्वैरता और हमारे लिए आगे से निर्वैरता तू हमारे लिए कर
दे । अर्थात् हम सदा निर्वैर हो कर रहें ।
परिवार में सब मिलकर रहें
इहैव स्तं मा वि यौष्टं विश्वमायुर्व्यश्नुतम् ।
क्रीडन्तौ पुत्रैर्नप्तृभिर्मोदमानौ स्वस्तकौ । ।
अथर्ववेद14/1/22
हे वर-वधू! यहाँ गृहस्थाश्रम के नियमों में ही तुम दोनों रहो । कभी अलग मत होओ । पुत्रों के साथ तथा नातियों के साथ क्रीड़ा करते हुए, हर्ष मनाते हुए और उत्तम घर वाले तुम दोनों सम्पूर्ण आयु को प्राप्त होओ । इस मन्त्र में आपसी प्रेम व संयुक्त परिवार का संदेश है ।
अनुव्रत: पिता पुत्रो माता भवतु संमना: ।
जाया पत्ये मधु वाचं वदतु शान्तिवान् ।।
अथर्ववेद 3/30/2
पुत्र पिता के अनुकूल व्रती हो कर माता के साथ एक मन वाला होवे । पत्नी पति से मधुवत् अर्थात् मधु से सनी के समान और शान्तिप्रद वाणी बोले ।
अर्थात् सन्तान माता–पिता की आज्ञाकारी और माता–पिता सन्तानों के हितकारी हों । पति–पत्नी आपस में मधुरभाषी और मित्र हों ।
ऊर्जं वहन्तीरमृतं घृतं पय: कीलालं परिस्त्रुतम् ।
स्वधा स्थ तर्पयत् मे पितृन् । ।
यजुर्वेद 2/34
पितरों को अनेक प्रकार के उत्तम–उत्तम रस, स्वादिष्ट जल, अमृतमय औषधि, दूध घी, स्वादिष्ट भोजन, रस से भरे हुए फलों को दे कर तृप्त करो । परधन का त्याग करके अपने को प्राप्त धन का उपयोग करने वाले होओ ।
अर्थात् जिस प्रकार पितर अर्थात् माता–पिता आदि ने हमें पाला है, उसी प्रकार हमें भी उनकी सेवा व सत्कार करना चाहिए ।
मा भ्राता भ्रातरं द्विक्षन्मा स्वसारमुत स्वसा ।
सम्यञ्च: सव्रता भूत्वा वाचं वदत भद्रया । ।
अथर्ववेद 3/30/3
भाई भाई से द्वेष न करें । बहन बहन से भी नहीं । एकमत वाले और एकव्रती हो कर कल्याणी रीति से वाणी बोलो ।
अर्थात् परिवार में सब प्रेमपूर्वक रहें ।
यो जाम्या अप्रथयस्तद् यत् सखायं दुधूर्षति।
ज्येष्ठो यदप्रचेतास्तदाहुरधरागिति।।
अथर्ववेद 20/128/2
जो मनुष्य कुलस्त्री को गिराता है । वह पुरुष और जो मित्र को मारना चाहता है ओर जो अतिवृद्ध हो कर भी अज्ञानी है । वह लोग अधोगति को प्राप्त होते हैं । अर्थात् जो कुलीन स्त्री का अपमान करता है या मित्रघाती है या वयोवृद्ध हो कर भी अज्ञानी है अर्थात् परमात्मा को नहीं भजता है, वह अधोगति को प्राप्त होता है।























