नई दिल्ली। चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने अपने चुनाव क्षेत्र में जनता को संबोधित किया। मोदी ने सबसे पहले यहां मौजूद जनता से कहा, कि आज सुबह से सब चाहते थे कि मैं कुछ बोलूं, लेकिन मेरा मन करता था कि बोलूंगा तो वडोदरा में ही। मै आप सबका अभिनंदन करने और धन्यवाद करने आया हूं। मैं वडोदरा की जनता को सर झुकाकर नमन करता हूं। आपने बहुत बड़ी जिम्मेदारी निभाई है. मोदी ने कहा कि मुझ पर पहला किसी का हक है तो वडोदरा का है।
उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा कि बताओ आज के दिन कैसा लग रहा है। उन्होंने जब कहा कि अच्छे दिन..अच्छे दिन..तो वहां मौजूद लोगों ने आ गये..आ गये के नारे लगाने शुरू कर दिया। यहां मोदी-मोदी के भी खूब नारे लगे।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में व्यक्तिगत रूप से उम्मीदवार होने के नाते दो बातें हुईं। पहली बात वडोदरा में नामांकन के बाद मैं सिर्फ 50 मिनट ही दे पाया, लेकिन आप ने मुझे 5 लाख 70 हजार वोटों से जिताया।मोदी ने मतदाताओं से कहा कि आपने 60 साल के देश के इतिहास में नया रिकार्ड बनाया है। मोदी कही पर भी रहे आपकी परेशानी पता चल जाती है। मैं मतदाता जागरूकता के काम के लिए वडोदरा को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
इस चुनाव में गुजरात ने अदभुत रिकार्ड कायम किए हैं, उन्होंने कहा कि मैं गुजरात की जनता को सर झुकाकर नमन करता हूं। मैं आपको ह्रदय से प्रमाम करता हूं। । 26 में से 26 सीटें मिली हैं। 26 में से 25 सीटें भी आती तो हमारी धुलाई हो जाती। लोग कहते कि 26 का दावा करते थे, मुश्किल से 25 आई है।मोदी बनारस के मतदाताओं का भी शुक्रिया अदा करना नहीं भूले। मोदी ने कहा, मुझे बनारस में एक उम्मीदवार के नाते अपनी बात करने का सौभाग्य नहीं मिला। इसके बावजूद बनारस के लोगों ने मौन पर मोहर लगाई है।
मोदी ने कहा कि पहली बार आजादी के बाद पैदा हुए लोगों के नेतृत्व में देश चलने वाला है। हमे आजादी के लिए मरने, जेल जाने, अंग्रेज सल्तनत के जुल्म सहने का सौभाग्य नहीं मिला। लेकिन आजाद भारत में स्वराज्य के लिए जीने का सौभाग्य मिला है। मोदी ने कहा कि अब तक देश में जितने भी चुनाव हुए थे उनका नेतृत्व आजादी से पहले के लोगों करते थे। लेकिन इस बार का चुनाव का नेतृत्व हर पार्टी की तरफ से आजादी के बाद पैदा हुए लोगों ने किया। अब देश आजाद हिंदुस्तान में पैदा हुए लोग चलाएंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि देश आजाद होने के बाद से ज्यादत्तर समय सरकार कांग्रेस की रही है या जब भी गैर कांग्रेसी सरकार बनी है तो वह कुछ दलों के गठबंधन के साथ ही बनी है। अब तक हिंदुस्तान में कांग्रेस के अलावा किसी एक पार्टी की स्पष्ट बहुमत से सरकार कभी भी नहीं बनी थी । लेकिन आजादी के बाद पहली बार ऎसा हुआ है कि कांग्रेस की विचार धारा से लड़ने वाली और राष्ट्रीय विचारधारा के लिए संघर्ष करने वाली शुद्ध सरकार भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट बहुमत से बनाएगी।
आज तक देश में बांटने की राजनीति हो रही थी लेकिन अब हम जोड़ने की राजनीति करेंगे। उन्होंने कहा कि आज देश में समस्याओं का अंबार है। इन सभी समस्याओं का समाधान सिर्फ विकास है। अपने धन्यवाद भाषण में उन्होंने यह भी बता दिया कि अब भाजपा की सरकार अगले पंद्रह वर्षो तक कहीं नहीं जाने वाली है। उन्होंने कहा कि जो आज बच्चे हैं वह पंद्रह वर्ष के बाद अपना वोट डालने के काबिल हो जाएंगे, इसकी फौज भी अब तैयार हो गई है।
मोदी ने कहा कि आने वाली सरकार सवा सौ करोड़ देशवासियों की होगी, जो उनके सपनों को साकार करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी देश की जनता और वडोदरा ने उन्हें दी है वह इससे दोगुना करके वापस जनता को लौटाएंगे। उन्होंने कहा कि वह यहां का विकास करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने इस मौके पर नारा दिया सबका साथ, सबका विकास।
साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग को भी निष्पक्ष चुनाव कराने पर बधाई दी। मोदी ने कहा कि इस चुनाव में लोकतंत्र में देश की जनता ने अपनी ताकत दिखा दी है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एनडीए को तीन सौ से अधिक सीटें दिलाकर ट्रिपल सेंचुरी लगाई है।
मोदी ने कहा कि देश की अगली सरकार सभी को साथ लेकर चलने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता ने उन्हें चार बार राज्य की सत्ता पर बिठाया है, तब से उन्होंने राज्य के विकास के लिए एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली है। इस मौके पर उन्होंने 16वीं लोकसभा में चुनकर आने वाले सांसदों को भी बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह सरकार चलाने और देश का विकास करने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने वंदे मातरम के साथ अपने भाषण को समाप्त भी किया।





















