नई दिल्ली. चंद घंटे बचे हैं इस बात की घोषणा में कि भारत में किसकी सरकार बनेगी। बीजेपी एग्जिट पोल्स में बढ़त बनाए हुए है और पार्टी में मंथन बैठकों का दौर जारी है। इन बैठकों की उपस्थित देखें, तो साफ हो जाता है कि बीजेपी में सत्ता और ताकत के समीकरण बदल चुके हैं। यह वह तस्वीरें हैं, जिनमें न तो वाजपेयी दिखते हैं और न ही बीजेपी के ‘पितामह’ यानि आडवाणी।
बीजेपी के ये नए ‘हम पांच’ हैं, यानि नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अरुण जेटली और अमित शाह। बुधवार को गांधीनगर में मोदी के साथ बीजेपी की टॉप लीडरशिप की बैठक हुई। इस बैठक में अमित शाह को छोड़ ऊपर गिनाए गए तीनों नाम शामिल रहे। जबकि अमित शाह की अहमियत यूपी चुनाव में उनकी भूमिका और नरेंद्र मोदी से उनकी नजदीकी के आधार पर पहले ही जगजाहिर है।
सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में सरकार बनने, संभावित सहयोगी, पीएम बनने के बाद मोदी के आवास के अलावा बीजेपी के सीनियर नेताओं (आडवाणी-जोशी) की भूमिका जैसे कई अहम मुद्दों पर बात हुई। पार्टी सूत्रों की मानें तो इस बैठक में सुषमा स्वराज पर भी बात हुई, जिन्हें फिलहाल मोदी का कुछ खास करीबी नहीं समझा जा रहा है।
वैसे तो बीजेपी में सत्ता के समीकरण 2009 लोकसभा चुनाव के बाद से ही बदलने शुरू हो गए थे। जब लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में एनडीए को हार मिली थी। असल बदलाव की शुरुआत नवंबर-दिसंबर 2012 में हुए गुजरात विधानसभा चुनावों के बाद हुई। मोदी के नेतृत्व में बीजेपी को गुजरात में लगातार तीसरी जीत मिली और मोदी राष्ट्रीय नेतृत्व के तौर पर सामने आए।
लोकसभा चुनाव 2014 आते-आते तो सारे समीकरण पूरी तरह बदल गए। नई तस्वीर अब आपके सामने है। अनौपचारिक तौर पर ही सही, यह बीजेपी का नया कोर ग्रुप है। इस ग्रुप के एक सशक्त चेहरे राजनाथ सिंह फिलहाल पार्टी अध्यक्ष हैं, जिन्हें यह भूमिका गडकरी से लेकर सौंपी गई थी। तब गडकरी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। अब चुनाव में राजनाथ सिंह के टीम मैनेजमेंट की तारीफ की जा रही है।
गडकरी पर लगे आरोप भी अब पुरानी बात हो चुकी है। आज गडकरी संघ और बीजेपी के बीच एक सेतु का काम तो कर ही रहे हैं, बीजेपी में नाखुश चल रहे सीनियर नेताओं (आडवाणी-जोशी-सुषमा) से बात की जिम्मेदारी भी संभाले हुए हैं। जेटली मोदी के पुराने साथियों में से एक हैं। मामला मोदी के ऊपर विरोधियों के हमले का हो, या फिर जो भी, जेटली हमेशा मोदी के लिए खड़े नजर आए हैं।
माना जाता है कि बीजेपी में मोदी को कोई सबसे खास है, तो वह अमित शाह ही हैं। गुजरात में लगे हत्या के आरोप और फिर गुजरात में नहीं जाने के कोर्ट के आदेश के बाद भी मोदी अमित शाह के साथ को नहीं छोड़ पाए। दरअसल यह अथक परिश्रमी अमित शाह का तिलिस्मी मैनेजमेंट है, जिसकी बानगी गुजरात के विधानसभा चुनावों में मोदी देख चुके हैं। इस बार भी मोदी यूपी में अमित शाह के भरोसे चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।






















