भुवनेश्वर। लोकसभा चुनाव के बाद सभी एक्जिट पोल में राजग की सरकार बनने के संकेतों के बीच बीजू जनता दल और जयललिता की अगुवाई वाली ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कषगम ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को समर्थन के संकेत दिए हैं।
बीजद के मुख्य सचेतक प्रवत त्रिपाठी ने संकेत दिया है कि केंद्र में राजग की सरकार बनने की स्थिति में वे समर्थन को राजी हैं। उन्होंने कहा कि बीजद एक क्षेत्रीय दल है, लिहाजा राज्य का विकास सबसे महत्वपूर्ण है। राजग के नेता यदि ओडिशा को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने का आश्वासन देते हैं तो हम उन्हें समर्थन को राजी हैं। हालांकि बीजद प्रमुख व ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक कहते रहे हैं कि वे भाजपा व कांग्रेस से समान दूरी बनाए रखेंगे।
इसके अलावा बीजद के एक अन्य नेता ने कहा कि पार्टी नई सरकार से स्पष्ट आश्वासन मिले कि ओडिशा का कोई भी हिस्सा आंध्र प्रदेश में बहुद्देशीय पोलावरम परियोजना के कार्यान्वयन से प्रभावित नहीं होगा।
दूसरी ओर तमिलनाडु की एआइडीएमके ने भी राजग के साथ जाने के संकेत दिए हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि जयललिता और नरेंद्र मोदी अच्छे दोस्त हैं। यदि राजग को जरूरत पड़ी तो पार्टी अपना समर्थन दे सकती है।
बीजेपी ने आज कहा कि चुनाव पूर्व गठबंधन का हिस्सा नहीं रहा कोई भी दल यदि उसे अपना समर्थन देना चाहता है तो उसके लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं , हालांकि गठबंधन को लोकसभा चुनाव में बहुमत प्राप्त हो जाएगा. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि चुनाव के वास्तविक परिणाम में हमें चुनाव सर्वेक्षण के आकलन से अधिक सीटें मिलेंगी और इसलिए हमें पूर्ण बहुमत प्राप्त होगा. फिर भी राष्ट्रीय विकास के मद्देनजर या देशहित में जो भी दल राजग का समर्थन करना चाहते हैं, उनका स्वागत है.






















