लंदन। भारत में जन्मे हिंदुजा बंधु श्रीचंद और गोपीचंद हिंदुजा ब्रिटेन में सबसे धनी बनकर उभरे हैं। उनकी कुल संपत्ति 11.9 अरब पाउंड (करीब 20 अरब डॉलर) है। समाचार पत्र डेली मेल में 2014 संडे टाइम्स रिच लिस्ट के हवाले से कहा गया है कि हिंदुजा समूह के दोनों मालिकों की संपत्ति पिछले एक साल में 1.3 अरब पाउंड बढ़ी है। यह सूची 18 मई को प्रकाशित होगी।
हिंदुजा बंधु पिछले वर्ष धन सम्राटों की सूची में तीसरे स्थान पर थे, जबकि पहले स्थान पर थे रूसी कारोबारी और आर्सेनल के शेयर धारक एलीशर उस्मानोव, जो इस साल 10.65 अरब पाउंड की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
तीसरे स्थान पर हैं आर्सेलरमित्तल के मालिक लक्ष्मी मित्तल। उनके पास 10.25 अरब पाउंड की संपत्ति। ताजा अध्ययन के मुताबिक ब्रिटेन में अरबपतियों की संख्या पहली बार 100 से अधिक 104 हो गई है और उनकी कुल संपत्ति 301 अरब पाउंड है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब ब्रिटेन में प्रति व्यक्ति अरबपतियों की संख्या दुनिया में किसी भी देश से अधिक है। इसी के साथ लंदन 72 अरबपतियों के साथ दुनिया में सर्वाधिक अरबपति वाला शहर है। इसके ठीक पीछे दूसरे स्थान पर है मास्को, जहां 48 अरबपति हैं। ड्यूक ऑफ वेस्टमिनिस्टर 8.5 अरब पाउंड के साथ सर्वाधिक धनी ब्रिटिश हैं और मुख्य सूची में 10वें स्थान पर हैं।




















