नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने अरविंद केजरीवाल को उनकी इस टिप्पणी के लिए नोटिस जारी किया है कि बीजेपी और कांग्रेस के लिए वोट करने वाले खुदा और देश को धोखा देंगे. आयोग ने केजरीवाल की इस टिप्पणी को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए 13 मई तक जवाब मांगा है.
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हाल में एक चुनावी सभा में कहा था कि बीजेपी या कांग्रेस को वोट देना देश और खुदा के साथ गद्दारी करने जैसा है.
केजरीवाल ने अमेठी में अपनी पार्टी के प्रत्याशी कुमार विश्वास के पक्ष एक जनसभा को संबोधित करते हुए जनता से 100 फीसदी मतदान करने का आग्रह किया था और कहा कि लोग इन दोनों पार्टियों (बीजेपी और कांग्रेस) को बिल्कुल वोट न दें. केजरीवाल ने दोनों पार्टियों पर आपसी मिलीभगत का आरोप भी लगाया था.





















