नई दिल्ली। सातवे वेतन आयोग के गठन के बाद , महंगाई भत्ते में वृद्धि कर उसे मूल वेतन का शत प्रतिशत करने के बाद अपने कार्यकाल के अंतिम दिनों में संप्रग-2 सरकार ने तकरीबन 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को बच्चों के बहाने और सौगात दी है। लोकसभा चुनाव के दौरान गुपचुप तरीके से तीन अलग-अलग मदों में केंद्रीय कर्मचारियों के भत्ते बढ़ा दिए गए हैं। भत्तों की नई दरें 1 जनवरी, 2014 से लागू मानी जाएंगी।
कार्मिक मंत्रालय ने 28 अप्रैल को एक आदेश जारी कर भत्तों को संशोधित किया है। इनमें बाल शिक्षा भत्ते को 12 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये सालाना कर दिया गया है। इसके अलावा शारीरिक रूप से नि:शक्त महिला कर्मचारियों को बच्चों के देखभाल के लिए मिलने वाले विशेष भत्ते को एक हजार से बढ़ाकर डेढ़ हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। कर्मचारियों के विकलांग बच्चों को मिलने वाले भत्ते को भी संशोधित कर 36 हजार रुपये वार्षिक कर दिया गया है। पहले इस मद में 24 हजार प्रतिवर्ष मिलते थे।





















