अमेठी। गौरीगंज कोतवाली में आम आदमी पार्टी [आप] प्रत्याशी कुमार विश्वास पर अवैध व भ्रामक प्रचार सामग्री बांटने का मामला दर्ज किया गया है। कुमार की गाड़ी से पोस्टर मिलने के बाद यह केस दर्ज किया गया है।
इस पोस्टर में इलेक्शन मेंडेट का सर्वे कुमार विश्वास अमेठी में 47 प्रतिशत जबकि राहुल गांधी पर 34 प्रतिशत वोट दिखाया गया है। पोस्टर में राहुल के हारने की बात कही गई है। जिसे भ्रामक तथ्य मानते हुए कोतवाली गौरीगंज में आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि कल कुमार विश्वास व उनके समर्थकों ने अमेठी में पत्रकारों की पिटाई की और उनके कैमरे छीन लिए थे। इस मामले में फोटो पत्रकार अजय कुमार मिश्र ने तहरीर दी है। इसमें कुमार विश्वास, विप्लव अवस्थी, पंकज शुक्ला, हनुमान सिंह हनुमत, शिव प्रसाद कश्यप पर नामजद व सौ अज्ञात के खिलाफ डकैती व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं युवक कांग्रेस के पूर्व डेलीगेट रणवीर सिंह ने भी अपनी स्कार्पियो गाड़ी तोड़ने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अलावा उन पर आचार संहिता उल्लंघन का भी मामला दर्ज कराया गया।






















