काशीपुर: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर दहशत फैलाकर जनमत हासिल करने का आरोप लगाया है. राजनाथ ने कहा कि बीजेपी वसुधैव कुटुम्बकम पर विश्वास करती है जबकि कांग्रेस दहशत फैलाकर जनमत हासिल करना चाहती है. राजनाथ ने सोमवार को एक जनसभा के दौरान कहा कि हम देश बनाना चाहते हैं, सरकार नहीं.
बीजेपी उम्मीदवार भगत सिंह कोश्यारी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सबके दरवाजे पर जाओ, ये मत सोचो कि कौन हमें वोट देगा या नहीं. हम प्यार मोहब्बत से समर्थन पाना चाहते हैं. राजनाथ ने कहा कि बीजेपी इंसान और इंसानियत की राजनीति करती है जबकि कांग्रेस ने हमेशा वोट हथियाने की राजनीति की है.
शिक्षा और रोजगार का मुद्दा उठाते हुए राजनाथ ने कहा कि आज देश का युवा भटका हुआ है, उसे रोजगार नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार आई तो ऐसी शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी जो रोजगारपरक हो. साथ ही युवाओं को दो से तीन फीसद ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा.
कांग्रेस पार्टी को घोटालों की सरताज बताते हुए बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि कैग रिपोर्ट से स्पष्ट है कि इस सरकार के कार्यकाल में 5.5 लाख करोड़ के घोटाले हुए.






















