वाराणसी। आम आदमी पार्टी के नेता और वाराणसी संसदीय सीट से उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र (आपका संकल्प पत्र) जारी करते हुए कहा कि वाराणसी महज एक शहर नहीं, यह हिंदुस्तान की राजनीतिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का साकार रूप भी है। काशी में कबीर, रैदास और तुलसी के ज्ञान का पुंज है जिसकी जरूरत सिर्फ भारत को ही नहीं पूरी दुनिया को है। यहां के ताने-बाने में सिर्फ बनारसी साड़ियां ही नहीं बल्कि सामाजिक सद्भाव की तहजीब भी बुनी जाती है। काशी में घाट पर मंदिरों के घंटे-घड़ियाल और मस्जिदों से आती अजान की जुगलबंदी के बीच बनारस खड़ा है। केजरीवाल ने घोषणापत्र में 28 बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा बुद्ध का पहला उपदेश भी काशी से ही निकलता है। अंग्रेजों के दांत खट्टे कर देने वाली रानी लक्ष्मीबाई भी यहीं पैदा हुर्इं।
केजरीवाल ने कहा कि बनारस को सर्वधर्म पवित्र नगरी का दर्जा दिया जाएगा और आध्यात्मिक राजधानी के रूप में इसे विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी सफल होती है तो केंद्र और राज्य से विशेष आर्थिक पैकेज की व्यवस्था कराई जाएगी। गंगा की साफ-सफाई होगी। घाटों और पंचकोशी मार्ग का विकास होगा। बिजली, सड़क और पानी जैसी सुविधाएं आम जन तक पहुंचाई जाएगी। शहर को हेरिटेज सिटी का दर्जा दिलाने के लिए हम संकल्पबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि गंगा बनारस की पहचान है मगर पूरे शहर के 27 नालों की गंदगी घाटों को मैला कर रही है। आम आदमी पार्टी इसके समुचित सफाई व्यवस्था के लिए संकल्पबद्ध है। काशी में प्लास्टिक की बजाय मिट्टी के कुल्हड़ का प्रयोग चाय की दुकानों व रेस्तरा में कराना है और मिट्टी के बर्तन के व्यवसाय से जुड़े लोगों की रोजी-रोटी की व्यवस्था करना है। गंगा की सहायक नदियों को भी ठीक कराना है। सरकार वाराणसी शहर में कई करोड़ रुपए खर्च करने के बावजूद इसे गड्ढों से मुक्त नहीं कर पाई।
स्वास्थ्य, शिक्षा, सोशल आडिट और विश्वविद्यालय में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा बना हुआ है। राजनीतिक संरक्षण पाए अपराधियों से यहां के छात्र सहमे रहते हैं। इस समस्या को दूर करना है। बनारस को हम माफिया से मुक्त कराएंगे।
आप नेता ने ग्रामीण विकास के मुद्दे पर कहा कि बनारस के किसानों को खेती के लिए जरूरी बीज व खाद के लिए राज्य सरकार और केंद्र पर दबाव बनाया जाएगा। साथ ही फूलों की खेती पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुनकरों को जरूरत के मुताबिक धागा उपलब्ध कराने के लिए वाराणसी में ही धागे का कारखाना और फिनिशिंग प्लांट लगाया जाएगा जिससे वे अन्य राज्यों के बुनकरों के साथ प्रतिस्पर्धा कर अपना कारोबार कर सकेंगे। काशी के लकड़ी और पीतल आदि उद्योगों के कारोबारियों को भयमुक्त कर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। दोषियों को जेल भिजवाया जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि काशी के डीएलडब्लू का नवीनीकरण कर यहां मेट्रो कोच बनाया जाएगा। बनारसी साड़ी और बर्तन उद्योग के लिए नए बाजार तलाश करने में मदद करेंगे। दैनिक मजदूरों और कारखानों के श्रमिकों को दुर्घटना स्वस्थ्य बीमा की सुविधा दी जाएगी। यहां की जनता तक सरकारी योजना का लाभ पहुंचाने का काम आम आदमी पार्टी करेगी। यातायात को भी सुगम बनाया जाएगा। आप नेता ने कहा कि वे भ्रष्टाचार मुक्त बनारस बनाने का पूरा प्रयास करेंगे।






















