देहरादून। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने आज संप्रग सरकार पर देश से कट जाने और दिल्ली के एसी कमरे में बैठकर विकास से जुड़ी नीतियां बनाने का आरोप लगाया जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की विविधताओं का अभाव है। मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस विभिन्न राज्यों में 10 सीटों के आंकड़े को भी नहीं छू पायेगी।
विकासनगर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा, ‘‘ आज पूरे देश में एक ही तरह की परियोजनाएं थोप दी गई है, और यही कारण है कि वे अक्सर काम में विफल हो जाते हैं। हमारा देश विविधताओं से भरा है, जहां कुछ प्रदेशों में काफी नदियां हैं तो कुछ में रेगिस्तान।’’
मोदी ने कहा, ‘‘ हम पूरे देश में विकास के एक मॉडल को कैसे अपना सकते हैं ? एक मापदंड सभी क्षेत्रों में लागू नहीं हो सकते हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘ जाति या समुदाय की राजनीति बेकार है। विकास ही सभी बुराइयों का उपचार है। लेकिन हमारा देश विविधताओं से भरा है और किसी विशिष्ठ क्षेत्र के बारे में विकास के संबंध में हमारी दृष्टि उस क्षेत्र की कमजोरी और सबल पक्ष को ध्यान में रखते हुए तैयार होनी चाहिए।’’
टिहरी लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह के पक्ष में लोगों से वोट मांगते हुए मोदी ने कहा कि विकास राष्ट्र की सभी बुराइयों का उपचार है। उन्होंने कहा, ‘‘ इसी कारण से भाजपा ने अपने घोषणापत्र में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्यों के लिए पृथक विकास मॉडल बनाने का वादा किया है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में कांग्रेस 10 सीटों के आंकड़े को भी नहीं छू पायेगी और कई अन्य में खाता भी नहीं खोल पायेगी।
उत्तराखंड का जिक्र करते हुए मोदी ने गंगा नदी का जिक्र किया जो नदी का उद्गम स्थल है, जहां चार धाम, गढवाल पर्वतीय क्षेत्र और औषधीय महत्व के पौधों से परिपूर्ण है। मोदी ने कहा कि राज्य को देश के प्रमुख पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है और फार्मा क्षेत्र में निवेश करके रोजगार सृजन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ उत्तरखंड में अपार संभावनाएं हैं लेकिन न तो राज्य सरकार और न ही मां-बेटे की सरकार ही यह देख पा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि छह चरणों के लिए हुआ मतदान मां-बेटे के शासन की समाप्ति की कहानी कहता है। उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसा लगता है कि ईश्वर ने मुझे उत्तरखंड को कष्ट से निकालने का कार्य सौंपा है।’’






















