वाराणसी. मुख्तार अंसारी की पार्टी ने काशी में कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय को समर्थन देने की मंगलवार को घोषणा कर दी। मुख्तार अंसारी के बड़े भाई व कौमी एकता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अफजाल अंसारी ने कहा कि दिल्ली में साम्प्रदायिक शक्तियों को रोकने का कार्य केवल कांग्रेस ही कर सकती है। लिहाजा छह दलों के गठबंधन एकता मंच ने अपने सभी सहयोगियों से राय लेने के बाद यह फैसला किया है।
अफजाल ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी नरेन्द्र मोदी और आप के अरविंद केजरीवाल मुसाफिर हैं। दोनों काशी सिर्फ घूमने आए हैं। अजय राय स्थानीय नेता हैं। वह खुद भी पांच बार से विधायक हैं। उन्हें क्षेत्र की जनता पसंद करती है। जनता के सुख-दुख में अजय राय हमेशा सहभागी रहे हैं। अजय राय ने अपने इलाके में विकास भी किया है। अजय राय जीतते हैं तो बनारस का विकास होगा। उन्होंने कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन देने की बात कही। साम्प्रदायिक शक्तियों एवं भ्रष्टाचार के विरोध के नाम पर ढोंग करने वालों के खिलाफ काशी की जनता अजय राय का साथ दे।
नदेसर स्थित कौमी एकता के मंडल मंत्री के आवास पर मीडिया से बातचीत में अफजाल अंसारी ने कहा कि बनारस से मुख्तार अंसारी के चुनाव नहीं लड़ाने की वजह यह थी कि नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कोई साझा प्रत्याशी खड़ा हो। कौमी एकता दल ने सभी दलों को साझा प्रत्याशी उतारने पर समर्थन का पत्र भी भेजा था। मगर किसी ने साझा प्रत्याशी न तो उतारा और ना ही समर्थन लिया। एकता मंच को सभी दलों ने अछूत माना। कांग्रेस ने उनसे साम्प्रदायिक शक्तियों को रोकने के लिए संपर्क किया। गुलाम नबी आजाद से मेरी बातचीत हुई। एकता मंच से जुड़े सभी दलों के अध्यक्षों एवं वाराणसी संसदीय क्षेत्र से जुड़े सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की बैठक में मंथन करने के बाद यह फैसला लिया गया।






















